Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 4 जून को राज्य के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां सामान्य दिनों की तुलना में अधिक सक्रिय रहने की संभावना है.
बारिश और बादलों की आवाजाही के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान नियंत्रित रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन फिलहाल भीषण लू चलने की संभावना कम दिखाई दे रही है.
सूर्या हत्याकांड में बड़ा अपडेट, 25 हजार के इनामी सारिक पर कसा शिकंजा, जानिए अब तक की पूरी कहानी

इन इलाकों में ज्यादा असर
4 जून को तेज हवाएं, बिजली गिरने और अचानक मौसम बदलने की घटनाएं कुछ जिलों में अधिक देखने को मिल सकती हैं. खासतौर पर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, जयपुर, अलवर और सीकर जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी अपने अनाज और कृषि उत्पाद सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि खराब मौसम से नुकसान न हो.
जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान में अलर्ट
जयपुर, दौसा, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, करौली, धौलपुर, अजमेर और टोंक जिलों में मौसम सक्रिय रह सकता है. इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दोपहर और शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं.
दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी बारिश के आसार
कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. इन इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में तेज हवाओं की चेतावनी
श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बीकानेर संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम का प्रभाव बना रह सकता है. तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है.
नागौर और डीडवाना-कुचामन में भी असर
नागौर तथा डीडवाना-कुचामन जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन की संभावना व्यक्त की गई है. खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
प्रयागराज में चार हत्याओं का खुलासा, बेटे ने रची साजिश, दोस्त ने पूरे परिवार के बाद उसे भी मार डाला
पश्चिमी राजस्थान को राहत
राज्य के पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है. जैसलमेर, जोधपुर, पाली और जालौर के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि इन क्षेत्रों में गर्म हवाएं और तेज धूप का असर बना रह सकता है.


