Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. राजस्थान में 22 मार्च को आंशिक रूप से बदले मौसम के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर प्रभाव के चलते राज्य के कई हिस्सों में मौसम में हलचल बनी रह सकती है.
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा मंडावा और झुंझुनूं में 18 मिमी रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक कम है. वहीं, जैसलमेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
‘IAS दामाद’ का सपना बना डरावना सच, बेटी की शादी में 45 लाख खर्च… फिर खुला ऐसा राज कि कांप उठा परिवार
इन जगहों पर हो सकती है बारिश
22 मार्च को विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के जिलों जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर मेघगर्जन भी हो सकता है. हालांकि, राज्य के अधिकांश अन्य हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. इससे दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
हीटवेव से राहत
अच्छी खबर यह है कि आगामी एक सप्ताह तक राज्य में हीटवेव (लू) की कोई संभावना नहीं जताई गई है. इससे साफ है कि फिलहाल राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने में अभी समय है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आने वाले 4 से 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में हल्की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 22 मार्च को राजस्थान में मौसम सुहावना और संतुलित बना रहने की उम्मीद है, जिससे आमजन को राहत मिलेगी.


