Rajasthan Weather: राजस्थान में आंधी-तूफान और बारिश का दौर अब थम चुका है, जिसके बाद प्रदेश में तेज गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे लोगों को तेज धूप और लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है.
पिछले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान में गर्मी के तेवर काफी तीखे हो गए हैं. मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने संकेत दिए हैं कि अगले 4-5 दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. सोमवार को राज्य में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर जिलों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जो इस मौसम का उच्चतम स्तर है.
इससे पहले मार्च महीने में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अब अप्रैल में ही तापमान ने नया रिकॉर्ड बना लिया है. दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला. बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए और कई स्थानों पर धूलभरी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा.
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है. चित्तौड़गढ़ में सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह तापमान जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और चूरू जैसे शहरों से भी अधिक रहा. इसके अलावा जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर सहित अन्य शहरों में भी सुबह से तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी का असर बना रहा.
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है. वहीं पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के साथ-साथ उदयपुर संभाग में भी तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.
महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा केस में नया ट्विस्ट, फरमान का वीडियो वायरल, उठे कई सवाल
प्रदेश में अब गर्मी ने पूरी तरह से अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में इससे राहत मिलने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है.


