Rajasthan Weather Update: राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंडक का असर फिर से महसूस होने लगा है. पारे में आई इस गिरावट का असर लगभग पूरे राज्य में देखा जा रहा है.
अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया जा रहा है. ऐसे में सुबह और शाम के समय हल्की से मध्यम सर्दी लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर रही है.
विदेश में संस्कार, स्टाइल में बोल्डनेस… प्रियंका चोपड़ा का नया अवतार वायरल
पिछले 48 घंटों के दौरान राजस्थान के उत्तर-पूर्वी जिलों में सर्दी का प्रभाव सबसे अधिक रहा. जयपुर, अलवर, सीकर और गंगानगर में सुबह के वक्त हल्का कोहरा देखने को मिला. बादलों की आवाजाही के कारण धूप पूरी तरह नहीं निकल सकी, जिससे दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और तापमान सामान्य से नीचे बना रहा.
गुरुवार को अलवर और फतेहपुर प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जयपुर, दौसा और भरतपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, जिसके चलते दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहा. मौसम के इस बदले मिजाज के कारण लोगों को दिन में भी हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा.
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दी का यह दौर अब ज्यादा दिनों तक जारी नहीं रहेगा. अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. सुबह-शाम की ठंडक में कमी आएगी और दिन के समय धूप तेज होने लगेगी. मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. आसमान साफ होने के साथ ही सूर्य की तपिश में इजाफा होगा.
विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में अगले सप्ताह तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. इससे दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास बढ़ेगा, जबकि रात का तापमान भी धीरे-धीरे ऊपर चढ़ेगा और ठंडक कम होती जाएगी.


