UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है और इसका असर प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के करीब 40 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में बीते कुछ समय से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है. वहीं फर्रूखाबाद में मंगलवार रात ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि इससे पहले मथुरा, जालौन और कन्नौज में भी ओले गिर चुके हैं. दूसरी ओर बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस पूरे बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका प्रभाव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है. विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 3 से 5 अप्रैल के बीच प्रदेश में मौसम और अधिक अस्थिर हो सकता है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. इसके साथ ही पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है.
राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां गुरुवार को मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि 4 अप्रैल से मौसम फिर बदलने लगेगा और आसमान में बादल छाने लगेंगे. 5 अप्रैल को बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसमें गरज-चमक के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार 5 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर फिर तेज हो सकता है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में लू चलने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
आज से सफर हुआ महंगा, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बढ़ा टोल, जेब पर पड़ेगा सीधा असर!
इस बीच बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही फसल नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं. आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है.


