UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों से आसमान में काले बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान तेज झोंकेदार हवाओं ने भी लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास कराया. मौसम विभाग के अनुसार यह सिलसिला 22 मार्च को भी जारी रहने की संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां आंधी और बारिश एक साथ प्रभाव दिखा सकते हैं.
जेवर एयरपोर्ट को मिला ‘बूस्टर डोज’, यीडा के 11,811 करोड़ के बजट से बदलेगी पूरी तस्वीर!
रविवार, 22 मार्च को जिन जिलों में बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है, उनमें गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और सोनभद्र शामिल हैं. इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वहीं कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
राजधानी लखनऊ में भी मौसम सुहावना बना रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. तापमान में यह गिरावट लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 मार्च को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इसके प्रभाव से अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के मौसम में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. यानी फिलहाल बादलों और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर बदल सकता है.
22 मार्च को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के बीच सावधानी बरतने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.


