UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में इस वर्ष होली का पर्व तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच मनाया जाएगा. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने वाला है और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. राजधानी लखनऊ सहित पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में दोपहर के समय धूप काफी तीखी रह सकती है. वहीं पूर्वी जिलों में मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आ सकता है, जहां हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है.
लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. पूरे दिन आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. हालांकि बारिश के कोई आसार नहीं हैं, लेकिन हवा में धूल कणों की मात्रा बढ़ने से एयर क्वालिटी इंडेक्स अस्वस्थ श्रेणी में बना रह सकता है.
इस राज्य की महिलाओं को सरकार का बड़ा तोहफा! अब नहीं देना होगा ब्याज, सीधे मिलेगा ऋण
जमकर तपेंगे ये जिले
पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देगा. कानपुर, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, अयोध्या, प्रयागराज और बरेली जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इन इलाकों में मौसम शुष्क और धूप भरा रहेगा. दोपहर के समय गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी. होली खेलने के दौरान तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी रहेगा.
इन जगहों पर बारिश की आशंका
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की राहत मिल सकती है. गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मिर्जापुर और वाराणसी के आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. यहां 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बादलों की मौजूदगी के कारण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हो सकता है, हालांकि बारिश व्यापक स्तर पर नहीं होगी.
3 चीजें जो घर में नहीं होनी चाहिए, वरना कभी नहीं टिकेगा सुख-शांति और पैसा
क्या है मौसम विभाग का कहना
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि होली के बाद प्रदेश में गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और प्रदूषण के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है.


