UP Weather Update: उत्तर भारत में पिछले एक सप्ताह से जारी आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का सिलसिला अब थमने वाला है. दरअसल, पिछले सात दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर होकर समाप्त हो रहा है. इसके चलते उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान सहित कई राज्यों में मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले 5 से 6 दिनों में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. ऐसे में लोगों को ठंडक भरे मौसम से राहत तो मिलेगी, लेकिन तेज गर्मी और धूप का सामना करना पड़ सकता है.
बंगाल चुनाव में CEC से बहस करने वाले IAS कौन? जानिए अनुराग यादव का पूरा प्रोफाइल
यूपी में खत्म होगा बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी थी. प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिनमें लखीमपुर खीरी, बहराइच और कानपुर प्रमुख रहे. हालांकि अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है.
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो चुका है. इसके कारण अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. आसमान साफ रहेगा और दिन के समय तेज धूप निकल सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी वृद्धि होने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में मौसम
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है. गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और सहारनपुर जैसे इलाकों में शुक्रवार 10 अप्रैल को बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 4 से 5 दिनों तक इन क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी.
दोपहर के समय तापमान तेजी से बढ़ सकता है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है. हालांकि सुबह और शाम के समय 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है.
लखनऊ में हल्के बादल, लेकिन बारिश नहीं
राजधानी लखनऊ में भी मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है. इसके बाद 12 से 14 अप्रैल के बीच मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है. इस दौरान लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है.
पिछले 24 घंटों का मौसम हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिले. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बांदा में रात का तापमान 9.4 डिग्री गिरकर करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं नजीबाबाद में 11.5 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई.
इसके अलावा मुजफ्फरनगर और अयोध्या में दिन का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हुआ. बारिश के आंकड़ों की बात करें तो लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक करीब 15 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि कानपुर और लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी देखी गई.
मथुरा में बनेगी भव्य ‘हेरिटेज सिटी’, 6210 करोड़ की परियोजना से बदलेगा पर्यटन और आस्था का स्वरूप
15 अप्रैल के बाद फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल के आसपास एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. यदि यह सिस्टम मजबूत होता है तो महीने के मध्य में एक बार फिर उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि तब तक उत्तर प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में लोगों को तेज धूप और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.


