Delhi Protest News: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. शनिवार को दिल्ली पुलिस की महिला इकाई ‘पिंक फोर्स’ को तैनात किया गया, जबकि रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों ने मंडी हाउस सर्कल से फ्लैग मार्च किया. CJP कार्यकर्ता अभिजीत दीपके के दिल्ली पहुंचने से पहले IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई.
यह भी पढ़ें- UP News: पूर्व अग्निवीरों को योगी सरकार की बड़ी राहत, 4 विभागों में नहीं देनी होगी लिखित और शारीरिक परीक्षा
महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए पिंक फोर्स तैनात
प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की हालिया घटनाओं को देखते हुए पिंक फोर्स की तैनाती की गई है. वहीं, RAF के जवानों ने मंडी हाउस सर्कल से फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस इलाके में भी फ्लैग मार्च किया था. जनपथ के पास कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई.
35 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 35 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है. दिल्ली पुलिस ने पूर्व में हुई हिंसा की घटनाओं का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है. पुलिस टीमों को प्रदर्शन करने की कोशिश करने वाले लोगों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदर्शनकारियों को रखने के लिए छत्रसाल स्टेडियम और राजीव गांधी स्टेडियम समेत छह स्टेडियमों और सामुदायिक केंद्रों को अस्थायी होल्डिंग सेंटर के रूप में निर्धारित किए जाने की जानकारी है.
पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगाए गए बॉडी कैमरे
प्रदर्शन के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने और विवाद की स्थिति में घटनाओं का रिकॉर्ड रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वर्दी पर लगने वाले बॉडी कैमरे दिए गए हैं. इन कैमरों से कम रोशनी में भी वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इन कैमरों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और आम लोगों, दोनों की सुरक्षा करना है. अधिकारी ने कहा कि पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप लगने की स्थिति में रिकॉर्डिंग से घटनाक्रम स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है.
दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशनों के गेट बंद
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मध्य दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास गेट बंद किए हैं. यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इसके अलावा, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) को प्रदर्शन से जुड़ी ड्यूटी के लिए हथियार जारी नहीं करने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं, दिल्ली पुलिस की टीमों को लाठी और डंडे लेकर तैनात रहने की अनुमति दी गई है.
प्रदर्शनकारियों से बहस नहीं करने के निर्देश
पुलिस टीमों को प्रदर्शनकारियों के साथ मौखिक विवाद से बचने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों को नकारात्मक रूप में दिखाने वाले वीडियो बनाए जाने की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है. CJP का यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच हो रहा है. प्रदर्शनकारियों की मांगों और सुरक्षा प्रतिबंधों के बीच राजधानी में हालात पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें- Moradabad News: मुरादाबाद के 47 गांवों की जमीन पर चलेगी तीसरी-चौथी रेल लाइन, 190 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित


