Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के चलते मौसम ने अचानक करवट ले ली है. शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं किसानों की चिंताएं भी बढ़ गईं. खासकर सीकर और जयपुर सहित शेखावाटी व पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिला.
सीकर में चने के आकार के ओले, खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका
शुक्रवार सुबह सीकर जिले में 10 से 15 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे. अचानक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. किसानों ने बताया कि मौसम का यह बदला हुआ रूप उनकी मेहनत पर भारी पड़ सकता है.
सिर्फ 5 बदलाव और गैस बचेगी 30% तक, सर्दियों का सीक्रेट जानिए
जयपुर, टोंक, नागौर सहित 10 से ज्यादा जिलों में बारिश
सीकर के अलावा जयपुर, टोंक, नागौर समेत प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. राजधानी जयपुर में सीजन की पहली मावठ पड़ी, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड एक बार फिर लौटती हुई महसूस हुई. बारिश के बाद शहर में दिनभर ठंडा मौसम बना रहा.
भरतपुर में आकाशीय बिजली का कहर, महिला झुलसी, भैंस की मौत
भरतपुर जिले में मौसम का असर ज्यादा गंभीर रूप में सामने आया. यहां आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला झुलस गई, जबकि एक भैंस की मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है.
14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए 14 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 11 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है. इसके अलावा घने कोहरे और शीतलहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है.
तापमान में गिरावट, ठंड में इजाफा
मौसम विभाग की डेली डेटा रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और वर्षा दर्ज की गई.
तापमान की स्थिति इस प्रकार रही-
राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान: चित्तौड़गढ़ में 27.0 डिग्री सेल्सियस
राज्य का न्यूनतम तापमान: जैसलमेर में 6.2 डिग्री सेल्सियस
राज्य में आर्द्रता: औसतन 35 से 75 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई.
पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, अगले 2-3 दिन शुष्क मौसम की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय रहा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर होकर समाप्त हो चुका है. इसके चलते आगामी दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा.
26-27 जनवरी को फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने आगे चेतावनी दी है कि 26 और 27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य में सक्रिय हो सकता है. इसका सबसे ज्यादा प्रभाव 27 जनवरी को देखने को मिल सकता है. इस दौरान राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इन क्षेत्रों में फिर बिगड़ सकता है मौसम
26-27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से
बीकानेर संभाग
शेखावाटी क्षेत्र
जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्से
में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इंसानों से पहले समुद्र में राज करता था 12 मीटर लंबा सांप! वैज्ञानिक भी रह गए हैरान
राजस्थान में मौसम फिलहाल राहत देने वाला नहीं है. एक ओर जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं बार-बार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से किसानों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.


