Rajasthan Weather Update: राजस्थान में 12 फरवरी को मौसम ने एक बार फिर करवट ली. बीते दिनों जहां ठंड से राहत मिलती नजर आ रही थी, वहीं अब कुछ हिस्सों में बादल छाने और हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में कोहरे और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और पूर्वी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है. इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है. वहीं जयपुर, अलवर, भरतपुर और दौसा जिलों में हल्के बादल छाए रहने के साथ सुबह-शाम ठंडी हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है. फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश या ओलावृष्टि की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
प्रोटीन शेक नहीं, सत्तू पीती हैं नीतू चंद्रा! जानिए देसी फिटनेस का पूरा राज
दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में भी मौसम सामान्य रहा, हालांकि सुबह हल्की ठंड बरकरार है.
13 फरवरी से पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) जयपुर केंद्र ने आगामी दिनों को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. विभाग के अनुसार 13 फरवरी से पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जबकि दूसरा 16 फरवरी 2026 से असर दिखाएगा. इन दोनों सिस्टम्स के कारण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के मौसम में बदलाव की संभावना है. 13 फरवरी से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू समेत आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. यहां आंशिक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
16 फरवरी से मौसम में तगड़ा बदलाव
वहीं 16 फरवरी से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अधिक प्रभावी हो सकता है, जिससे सीमित इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. हालांकि व्यापक वर्षा के संकेत फिलहाल नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार इन सिस्टम्स के असर से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. रात के तापमान में भी हल्की कमी आ सकती है, जिससे ठंड का असर फिर बढ़ सकता है.
Gas Connection Transfer: नया घर, नई रसोई… गैस कनेक्शन ट्रांसफर कैसे करें? पूरी प्रोसेस समझिए
IMD ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है. कुल मिलाकर आने वाले कुछ दिन राजस्थान के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं.


