Entertainment Desk: सरगुन मेहता ने प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर कड़ा नोट शेयर कर लोगों से उनके और रवि दुबे के बारे में झूठी खबरें फैलाना बंद करने की अपील की.
टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल रवि दुबे और सरगुन मेहता पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं. वजह है सरगुन की कथित प्रेग्नेंसी को लेकर उड़ रही अफवाहें. सोशल मीडिया पर लगातार यह दावा किया जा रहा था कि यह जोड़ी जल्द ही अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाली है. हालांकि अब सरगुन ने खुद सामने आकर इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है.
विदेश में संस्कार, स्टाइल में बोल्डनेस… प्रियंका चोपड़ा का नया अवतार वायरल
21 फरवरी को सरगुन मेहता ने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा करते हुए इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने साफ कहा कि पिछले दो साल से लगातार उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिससे वह परेशान हैं. अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘मुझे और रवि को जिस प्रेग्नेंसी के बारे में पता ही नहीं, वो आपको कैसे पता चल गया? बस करिए… प्लीज.’
अपने विस्तृत नोट में सरगुन ने नाराजगी जताते हुए लिखा कि मीडिया को उनकी ‘पिछले दो सालों की प्रेग्नेंसी’ के बारे में उनसे पहले ही पता चल जाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो यह ‘बहुत लंबी प्रेग्नेंसी’ हुई. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें फैलाना बंद करें और खबर प्रकाशित करने से पहले उनसे या उनकी टीम से सच जरूर जान लें.
इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक्ट्रेस ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा, ‘ये बच्चे कहां जा रहे हैं, और मैं कितनी तेजी से उन्हें जन्म दे रही हूं? क्या मुझे यही सवाल पूछना चाहिए, या ये कि मैं कथित तौर पर दो साल से… या उससे भी ज्यादा समय से प्रेग्नेंट हूं?’ उन्होंने आगे सवाल उठाया कि क्या लोगों को उनके डॉक्टरों की जानकारी है, या फिर सैलून या कैफे जाना भी अब प्रेग्नेंसी का सबूत बन गया है. उन्होंने दोहराया कि उन्हें और रवि को इस ‘प्रेग्नेंसी’ के बारे में खुद कोई जानकारी नहीं है और ऐसी बेबुनियाद खबरें फैलाना बंद किया जाना चाहिए.
यह पहली बार नहीं है जब सरगुन मेहता ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी हो. इससे पहले Hindustan Times को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि हर शादीशुदा जोड़े से सिर्फ बच्चे की उम्मीद करना ठीक नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर व्यक्ति की जिंदगी में अलग प्राथमिकताएं और लक्ष्य होते हैं. कुछ लोग कम उम्र में सफलता पाते हैं तो कुछ बाद में. उनके मुताबिक, जब तक व्यक्ति अपने जीवन और करियर से संतुष्ट नहीं होता, तब तक किसी और जिम्मेदारी के लिए तैयार होना जरूरी नहीं है. उन्होंने कहा था कि वह फिलहाल अपने अलग सफर पर हैं.
रवि दुबे और सरगुन मेहता की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही है. दोनों की मुलाकात टीवी शो 12/24 करोल बाग के सेट पर हुई थी, जहां साथ काम करते-करते वे एक-दूसरे के करीब आए. कई सालों तक डेटिंग के बाद इस जोड़े ने 7 दिसंबर 2013 को शादी कर ली. रवि ने डांस रियलिटी शो नच बलिए के मंच पर नेशनल टेलीविजन पर सरगुन को प्रपोज किया था.
वर्कफ्रंट की बात करें तो रवि दुबे जल्द ही डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म रामायणम् में नजर आएंगे. इस फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल लीड भूमिकाओं में हैं. रवि फिल्म में भगवान लक्ष्मण का किरदार निभाते दिखाई देंगे. वहीं सरगुन मेहता हाल ही में पंजाबी फिल्म सौंकन सौंकने 2 में नजर आई थीं, जिसमें एमी विर्क भी अहम भूमिका में थे.


