UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में इन दिनों एक अनोखी ‘विदेशी शादी’ चर्चा का विषय बनी हुई है. जिले की होनहार बेटी रुलन वर्मा की प्रेम कहानी सात समंदर पार से शुरू होकर अपने शहर तक पहुंची, जहां जर्मनी से दूल्हा बारात लेकर आया और हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ.
रुलन वर्मा उच्च शिक्षा के लिए पहले फ्रांस गईं, जहां से उन्होंने पीएचडी की डिग्री हासिल की. वर्तमान में वह वियना विश्वविद्यालय (ऑस्ट्रिया) में प्रोफेसर और वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात जर्मनी के एक युवक से हुई, जो दोस्ती से आगे बढ़कर प्रेम में बदल गई. दोनों ने परिवार की सहमति से शादी करने का फैसला किया.
16 विदेशी मेहमानों के साथ पहुंची बारात
विवाह के लिए जर्मन दूल्हा अपने परिवार के 16 सदस्यों के साथ विशेष रूप से भारत पहुंचा. बाराबंकी के एक होटल में आयोजित समारोह में हल्दी, मेहंदी, जयमाला और फेरे जैसी सभी रस्में पूरे पारंपरिक अंदाज में निभाई गईं. शेरवानी पहने दूल्हा भारतीय अंदाज में बेहद आकर्षक लग रहा था. वह अपनी कार के सनरूफ से निकलकर हिंदी गानों पर थिरकता नजर आया. विदेशी मेहमान भी भारतीय संगीत और रस्मों का आनंद लेते दिखे.
मां बनने के बाद पहली बार दिखीं कैटरीना कैफ, चेहरे पर दिखा ‘मदरहुड ग्लो’, देखें Video
भारतीय संस्कृति से प्रभावित हुए मेहमान
दुल्हन के चाचा और कुर्मी नेता आरसी पटेल ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि बाराबंकी की बेटियां वैश्विक स्तर पर नाम रोशन कर रही हैं. जर्मनी से आए मेहमानों को भारतीय पहनावा, खासकर साड़ियां, और यहां का खान-पान बेहद पसंद आया. हालांकि उन्हें हिंदी भाषा नहीं आती थी, लेकिन भारत के प्रति प्रेम जताते हुए कई मेहमान ‘आई लव माई इंडिया’ कहते नजर आए. यह शादी न सिर्फ दो दिलों का मिलन बनी, बल्कि दो देशों की संस्कृति के सुंदर संगम की मिसाल भी पेश कर दी है.


