Holi Special Gujiya Recipe: होली का नाम सुनते ही सबसे पहले जो मिठाई याद आती है, वह है गरमा-गरम और खस्ता गुजिया. सच कहें तो गुजिया के बिना होली का त्योहार अधूरा लगता है लेकिन कई बार महिलाएं इसे बनाने में लगने वाले समय और मेहनत की वजह से थोड़ा परेशान हो जाती हैं.
इसी परेशानी का आसान समाधान लेकर आई हैं कंटेंट क्रिएटर राधिका मारू. उन्होंने एक ऐसी ट्रिक बताई है जिसकी मदद से आप एक साथ 7 गुजिया तैयार कर सकते हैं. यही वजह है कि उनका यह तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बाहर का खाना छोड़ देंगे! घर पर बने ऐसे दम आलू कि सब उंगलियां चाटते रह जाएं
इस ट्रिक की सबसे खास बात यह है कि आपको हर बार अलग-अलग लोई बेलकर एक-एक गुजिया भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ एक बार बेलिए और एक साथ 7 गुजिया तैयार कर लीजिए. और मजेदार बात यह है कि इस तरीके से बनी गुजिया दिखने में बिल्कुल पारंपरिक डिजाइन जैसी ही लगती हैं. यानी मेहनत भी कम और त्योहार की तैयारी भी जल्दी.
खस्ता गुजिया के लिए आटा कैसे तैयार करें?
अच्छी गुजिया की पहचान उसका खस्ता होना है. इसके लिए आधा किलो मैदा लें और उसमें मोयन के लिए घी डालें. घी को मैदा में अच्छी तरह मिलाएं. जब मैदा को मुट्ठी में दबाने पर वह लड्डू जैसा बंधने लगे, तब समझिए मोयन सही है. अब हल्के गुनगुने पानी से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. आटे को गीले कपड़े से ढककर 20–30 मिनट के लिए रख दें. ऐसा करने से बेलते समय गुजिया फटती नहीं हैं.
स्वादिष्ट स्टफिंग का सही तरीका
गुजिया का असली स्वाद उसकी भरावन में होता है. इसके लिए मावा को कड़ाही में हल्का गुलाबी होने तक भून लें. ध्यान रखें कि मावा ठंडा होने के बाद ही उसमें पिसी चीनी या बूरा मिलाएं.
अब इसमें बारीक कटे काजू, बादाम, किशमिश, चिरौंजी और इलायची पाउडर डालें. चाहें तो थोड़ा कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल भी मिला सकते हैं. याद रखें , गरम मावा में चीनी डालने से मिश्रण गीला हो सकता है, इसलिए हमेशा ठंडा होने पर ही मिलाएं.
एक साथ 7 गुजिया बनाने की वायरल ट्रिक
अब बात करते हैं उस खास तरीके की, जो आपका घंटों का काम मिनटों में कर देगा. सबसे पहले एक बड़ी लोई लें और उसे पतली, बड़ी रोटी की तरह बेल लें. अब इस रोटी पर चम्मच से 7 जगह स्टफिंग रखें. ध्यान रहे कि 6 हिस्से गोल घेरे में हों और एक हिस्सा बिल्कुल बीच में. हर हिस्से के बीच थोड़ी दूरी जरूर रखें.
अब रोटी के दूसरे हिस्से को सावधानी से स्टफिंग के ऊपर पलट दें, यानी उसे फोल्ड कर दें. इसके बाद एक धारदार स्टील का गिलास लें और हर स्टफिंग वाले हिस्से पर रखकर जोर से दबाएं. ऐसा करते ही गोल आकार की 7 छोटी-छोटी गुजिया एक साथ कटकर तैयार हो जाएंगी. यह तरीका सांचे से भी ज्यादा तेज माना जा रहा है.
किनारों को मजबूत कैसे करें?
गिलास से कटने के बाद गुजिया के किनारे बंद तो हो जाते हैं, लेकिन तलते समय खुलने का डर बना रहता है. इसे सुरक्षित करने के लिए कांटे वाली चम्मच से किनारों पर हल्का दबाव देकर डिजाइन बना लें.
इससे दो फायदे होंगे- गुजिया को पारंपरिक लुक मिलेगा और किनारे अच्छी तरह सील हो जाएंगे, जिससे तलते समय भरावन बाहर नहीं निकलेगी.
गांव की महिलाओं की रसोई से निकली दाल-बथुआ की रेसिपी, स्वाद भी सेहत भी
तलने का सही तरीका
गुजिया को हमेशा मीडियम या धीमी आंच पर तलें. कड़ाही में घी या तेल गरम करें और गुजिया को धीरे-धीरे डालें. इन्हें सुनहरा होने तक पलट-पलट कर तलें.
अगर आंच तेज होगी तो ऊपर बुलबुले आ सकते हैं और गुजिया खस्ता नहीं बनेगी. तैयार गुजिया को किचन पेपर पर निकाल लें. ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें.


