Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई, जब रंगों और खुशियों के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ गई, जहां पर एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी, इतना ही नहीं उसके प्रेमी पर तेजाब फेंककर जान से मारने की कोशिश की. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना अजीजगंज की बालाजी कॉलोनी की बताई जा रही है, बता दें कि जहां पर बुधवार सुबह एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और उसके प्रेमी पर तेजाब फेंककर उसे गंभीर रूप से झुलसा दिया.
होली पर लखनऊ-आगरा में तपेगी धरती, पूर्वांचल में बारिश की हल्की दस्तक
दस साल पुराने रिश्ते का खूनी अंत
जानकारी के मुताबिक, आरसी मिशन थाना क्षेत्र के रेती मोहल्ला निवासी मोहन पांडे का अपनी पत्नी आरती से लंबे समय से विवाद चल रहा था. करीब दस वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंधों में खटास आने के बाद मामला कोर्ट तक पहुंच गया था. दोनों के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा था.
बताया जा रहा है कि आरती पिछले कुछ समय से अजीजगंज की बालाजी कॉलोनी में अपने प्रेमी ब्रजदीप के साथ रह रही थी, जिससे मोहन पांडे नाराज था.
दरवाजा खुलते ही तेजाब से हमला
बुधवार सुबह करीब छह बजे मोहन पांडे अचानक उस मकान पर पहुंचा, जहां आरती और ब्रजदीप रह रहे थे। उसने दरवाजा खटखटाया. जैसे ही ब्रजदीप ने दरवाजा खोला, मोहन ने उस पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब हमले में ब्रजदीप गंभीर रूप से झुलस गया.
इसके बाद मोहन घर के अंदर घुसा और धारदार हथियार से आरती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण आरती की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रेमी ने भी किया पलटवार
वहीं हमले के दौरान ब्रजदीप ने खुद को बचाने की कोशिश में किसी भारी वस्तु से मोहन के सिर पर वार कर दिया, जिससे मोहन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया.
सड़क हादसों में घायलों के लिए बड़ी राहत! पीएम राहत योजना से मिलेगा 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला वैवाहिक विवाद और पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है. आरोपी मोहन पांडे के खिलाफ हत्या और तेजाब हमले समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.


