Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और वीकेंड पर इसका असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन इसके बाद एक बार फिर आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में इसका असर दिखाई दे रहा है.
मौसम विभाग ने 23 मार्च तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर पड़ेगा. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, मेघगर्जन और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है.
जेवर एयरपोर्ट को मिला ‘बूस्टर डोज’, यीडा के 11,811 करोड़ के बजट से बदलेगी पूरी तस्वीर!
IMD के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है. यहां हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. साथ ही छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
साउछ में हीटवेव का अलर्ट
दक्षिण भारत की बात करें तो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने के कारण हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ नजर आ रहा है. रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे जिलों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है. वहीं देहरादून, नैनीताल और टिहरी में भी आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना बनी हुई है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है.
हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जबकि निचले हिस्सों में बारिश हो रही है. मनाली, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और कुकुमसेरी जैसे क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. कुकुमसेरी में तापमान माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है.
‘IAS दामाद’ का सपना बना डरावना सच, बेटी की शादी में 45 लाख खर्च… फिर खुला ऐसा राज कि कांप उठा परिवार
बिहार में छाएंगे बादल
बिहार में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है. पटना, गया, दरभंगा और अन्य कई जिलों में बादल छाए हुए हैं. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, हल्की बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने रफ्तार पकड़ ली है. उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया गया है. गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया और बस्ती समेत कई जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं लखनऊ, रायबरेली और वाराणसी सहित कई शहरों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है.
राजस्थान में अलर्ट
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. हालांकि, अगले एक सप्ताह तक लू चलने की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी.
दिल्ली और एनसीआर में मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम सुहावना बना हुआ है. बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और 23 मार्च को एक बार फिर आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार देखने को मिल रहा है.
हरियाणा और पंजाब में पिछले 72 घंटों से मौसम बदला हुआ है. आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है और सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने किसानों को फसलों के नुकसान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. जहां एक ओर कई राज्यों में बारिश और ठंडक से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है.


