Noida Engineer Abhishek Chauhan Missing: उत्तराखंड का खूबसूरत पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक इन दिनों एक गहरे रहस्य का केंद्र बन गया है. नैनीताल की बबीता पांडे की गुमशुदगी के बीच, नोएडा के एक नामी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान भी बीते 29 मई से इसी ट्रैक से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. घटना को 10 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए परेशान परिवार ने अब अभिषेक की जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम देने की घोषणा की है.
लापता होने की पूरी टाइमलाइन और आखिरी लोकेशन
28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान दिल्ली-एनसीआर के नोएडा के रहने वाले हैं. वे उत्तराखंड में ट्रैकिंग के लिए आए थे. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, अभिषेक को आखिरी बार बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के अंतर्गत आने वाले खाती गांव से लौटते समय देखा गया था. उसके बाद से ही उनका मोबाइल फोन बंद है और उनका कोई पता नहीं चल सका है.
दुर्गम पहाड़ियों में SDRF और NDRF का मेगा सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय गाइडों की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. पिंडारी ग्लेशियर मार्ग की गहरी घाटियों, घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों की खाक छानी जा रही है. हालांकि, खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण खोजी दलों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
पहचान के मुख्य निशान और परिवार की भावुक अपील
अभिषेक के पिता रघुराज चौहान और पूरा परिवार इस समय गहरे सदमे में है. उन्होंने सोशल मीडिया और पोस्टरों के जरिए लोगों से मदद की गुहार लगाई है. अभिषेक का रंग गोरा है, लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच है और वे चश्मा पहनते हैं. लापता होने के दौरान उनके पास एक ट्रैकिंग बैग था और उन्होंने गहरे रंग के कपड़े पहन रखे थे.
परिवार ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति अभिषेक के बारे में कोई भी विश्वसनीय जानकारी देगा या उन्हें ढूंढने में मदद करेगा, उसे 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी.
सपना चौधरी ने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा का लगाया आरोप, कोर्ट ने जारी किया अंतरिम सुरक्षा आदेश
पिंडारी ग्लेशियर जैसे मशहूर ट्रैक पर इस तरह एक टेक-इंजीनियर का गायब होना ट्रैकिंग समुदाय और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और ट्रैकर्स से भी अपील की है कि यदि कोई भी संदिग्ध सामान या सुराग दिखे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें.


