Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य ने अपने नीति शास्त्र में जीवन को सफल और सुखी बनाने के कई महत्वपूर्ण सूत्र दिए हैं. चाणक्य नीति के अनुसार, शर्म या संकोच करना वैसे तो एक अच्छा गुण माना जाता है, लेकिन कुछ जगहें ऐसी होती हैं जहां अत्यधिक संकोच व्यक्ति के विकास और खुशी में सबसे बड़ी बाधा बन जाता है. आचार्य चाणक्य ने अपने एक प्रसिद्ध श्लोक के जरिए बताया है कि जीवन में किन चार मोर्चों पर व्यक्ति को शर्म का त्याग कर देना चाहिए.
राजा जैसी होगी जिंदगी! शनि, गुरु, राहु-केतु के गोचर से इन 3 राशियों के खुलेंगे भाग्य के द्वार
धनधान्यप्रयोगेषु विद्यासंग्रहणेषु च.
आहारे व्यवहारे च त्यक्तलज्जः सुखी भवेत्॥
धन-धान्य के लेन-देन में, ज्ञान अर्जित करने में, भोजन करने में और आपसी व्यवहार में जो व्यक्ति शर्म छोड़ देता है, वही सुखी और सफल जीवन जीता है. आइए जानते हैं इन 4 बातों को विस्तार से….
- धन के लेन-देन में कभी न करें संकोच
चाणक्य नीति के अनुसार, यदि आपने किसी को पैसा उधार दिया है या आपको अपनी जरूरत के लिए किसी से मदद मांगनी है, तो वहां संकोच न करें. जो लोग धन संबंधी मामलों में अपनी बात स्पष्ट रखते हैं, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहती है. सही समय पर सही व्यक्ति से मदद मांगना या अपना हक मांगना कोई गलत बात नहीं है. - ज्ञान और शिक्षा हासिल करने में कैसी शर्म?
सीखने की कोई उम्र और सीमा नहीं होती. चाहे आप छात्र हों या कामकाजी पेशेवर, यदि आपको कोई बात समझ में नहीं आ रही है, तो बिना झिझके सवाल पूछें. आचार्य चाणक्य कहते हैं कि जो व्यक्ति ज्ञान लेने में संकोच करता है, वह अपने भविष्य को खुद कमजोर करता है. सवाल पूछने की हिम्मत ही आपको दूसरों से आगे ले जाती है. - भोजन करने में कभी न मारें अपनी भूख
स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और शरीर को स्वस्थ रखना हमारा पहला कर्तव्य है. अक्सर लोग रिश्तेदारों या दोस्तों के घर जाकर शर्म के मारे भूखे रह जाते हैं या कम खाते हैं. चाणक्य नीति कहती है कि भूख को दबाने से न सिर्फ स्वास्थ्य खराब होता है, बल्कि मन भी अशांत रहता है. इसलिए खाने-पीने के मामले में कभी भी संकोच नहीं करना चाहिए. - काम-धंधे और आपसी व्यवहार में रहें स्पष्ट
कार्यक्षेत्र (Workplace) पर या बिजनेस में सफलता का सीधा संबंध आपके कम्यूनिकेशन से है. यदि काम के दौरान कोई बात समझ में न आए, तो सहकर्मियों या सीनियर से पूछने में बिल्कुल न शर्माएं. संकोच के कारण काम अधूरा छोड़ने वाला व्यक्ति कभी तरक्की नहीं कर पाता. व्यवहार में स्पष्टता और विनम्रता का संतुलन ही आपको करियर में ऊंचाइयों पर ले जाता है.
कॉर्पोरेट दुनिया में सफल होना है तो जान लें चाणक्य की ये सख्त सीख
सुखी जीवन का मूल मंत्र
आज का सुविचार हमें यही याद दिलाता है कि शर्म को अपनी मर्यादा और सम्मान की रक्षा के लिए रखें, लेकिन इसे अपने विकास की राह में रोड़ा न बनने दें. इन चार मोर्चों पर ‘त्यक्तलज्जः’ यानी शर्म को छोड़ने वाला व्यक्ति ही समाज में निडरता से जीता है और सच्चा सुख पाता है.


