India Got Latent 2: कॉमेडियन समय रैना का शो ‘India’s Got Latent’ सीजन 2 का चौथा एपिसोड रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है. एक्स (पूर्व में ट्विटर) और रेडिट पर शो के कई क्लिप वायरल होने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि कहीं एपिसोड लीक तो नहीं हो गया. अब खुद समय रैना ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मजाकिया अंदाज में बड़ा बयान दिया है.
क्यों वायरल हो रहे हैं क्लिप?
दरअसल, 31 जुलाई को रिलीज होने वाले इस एपिसोड को समय रैना ने पहले अपने यूट्यूब मेंबर्स (सब्सक्राइबर्स) के लिए एक्सक्लूसिव तौर पर उपलब्ध कराया है. इस वजह से मेंबर्स द्वारा देखे गए कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे. यानी एपिसोड किसी हैकिंग या अनधिकृत तरीके से लीक नहीं हुआ, बल्कि एक्सक्लूसिव एक्सेस के बाद उसके हिस्से सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं.
समय रैना ने ली चुटकी
इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए समय रैना ने कहा कि मुश्किल समय में उनके यूट्यूब मेंबर्स ने उनका साथ दिया, इसलिए उन्होंने उनके लिए यह स्पेशल एपिसोड रिलीज किया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आगे भी मेंबर्स के लिए खास कंटेंट आएगा.इसी दौरान उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर ये एपिसोड किसी ने भी लीक किया तो एक इस्तीफा मैं भी मांगूंगा तुमसे. इसे सोशल मीडिया पर हाल के चर्चित NEET पेपर लीक विवाद पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है.
इस बार पैनल में कौन-कौन?
‘India’s Got Latent’ सीजन 2 के चौथे एपिसोड में समय रैना के साथ मुनव्वर फारुकी, राघव जुयाल और निहारिका एम पैनल का हिस्सा हैं. वायरल क्लिप्स में राघव जुयाल और समय रैना की मजेदार नोकझोंक दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. यह एपिसोड 31 जुलाई को नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर आम दर्शकों के लिए रिलीज किया जाएगा. उससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे क्लिप्स ने शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.


