Singer Alka Yagnik Love Story: दशकों तक बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग पर राज करने वाली दिग्गज गायिका अलका याग्निक की आवाज का जादू तो हर किसी के सिर चढ़कर बोलता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनकी पर्सनल लाइफ किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है? अलका याग्निक ने साल 1989 में बिजनेसमैन नीरज कपूर से शादी की थी. हैरान करने वाली बात यह है कि शादी के करीब 37 साल बाद भी यह कपल एक-दूसरे से अलग रहता है, लेकिन इनके बीच न तो कोई मनमुटाव है और न ही तलाक हुआ है.
कौन हैं अलका याग्निक के पति नीरज कपूर?
अलका याग्निक के पति नीरज कपूर पेशे से एक बड़े बिजनेसमैन हैं और मेघालय की राजधानी शिलांग के रहने वाले हैं. नीरज का पूरा बिजनेस शिलांग से ही चलता है और वह वहीं सेटल हैं, जबकि अलका याग्निक अपने काम के सिलसिले में मुंबई में रहती हैं.
रेलवे स्टेशन से शुरू हुई थी लव स्टोरी, फोन बिल ने खोला था राज
एक पुराने इंटरव्यू में अलका ने खुलासा किया था कि नीरज के परिवार से उनका पुराना कनेक्शन था. नीरज की आंटी, अलका की मां की क्लासमेट थीं. दोनों की पहली मुलाकात रेलवे स्टेशन पर हुई थी जब अलका अपनी मां के साथ दिल्ली जा रही थीं. धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और यह दोस्ती प्यार में बदल गई. अलका ने बताया कि दोनों के बीच रात-रात भर फोन पर बातें होती थीं. जब घर पर फोन का भारी-भरकम बिल आया, तब जाकर मां को इस अफेयर की भनक लगी.
शादी के खिलाफ क्यों था परिवार?
जब दोनों ने शादी करने का फैसला किया, तो अलका के माता-पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. उनका डर बिल्कुल जायज था. नीरज शिलांग में सेटल थे और अलका का सिंगिंग करियर मुंबई में पीक पर था. घरवालों का सवाल था कि एक पूर्वोत्तर में रहेगा और दूसरा मुंबई में, तो शादी कैसे चलेगी? लेकिन अलका और नीरज के प्यार के आगे आखिरकार दोनों परिवारों को झुकना पड़ा और 1989 में दोनों की शादी हो गई.
एक गाने ने बदली जिंदगी, कभी एक छत के नीचे नहीं रह पाए
शादी के वक्त दोनों ने तय किया था कि अलका हर महीने कुछ दिनों के लिए शिलांग जाएंगी और नीरज मुंबई आएंगे. लेकिन शादी के तुरंत बाद अलका की जिंदगी पूरी तरह बदल गई. 1990 में हमारी बेटी सायशा का जन्म हुआ और उसके ठीक बाद जनवरी 1991 में मेरा गाना ‘एक दो तीन’ ब्लॉकबस्टर हो गया. इसके बाद मेरा करियर इतनी तेजी से भागा कि मेरे लिए एक दिन के लिए भी मुंबई छोड़ना नामुमकिन हो गया. अलका ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनके पति नीरज अक्सर उन्हें चिढ़ाते हुए कहते हैं कि मैं तुम्हारे करियर के लिए तो बहुत लकी साबित हुआ, लेकिन अपने करियर के लिए अनलकी रहा.
दूरियों के बावजूद आज भी अटूट है रिश्ता
अलका मानती हैं कि अलग-अलग शहरों में रहने की वजह से जब वे लंबे समय बाद मिलते हैं, तो एक-दूसरे के साथ तालमेल बिठाने में दो-चार दिन लग जाते हैं. लेकिन इस लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप ने उनके बीच के प्यार और भरोसे को कभी कम नहीं होने दिया. दोनों आज भी एक-दूसरे के साथ एक मजबूत बॉन्डिंग शेयर करते हैं.


