नई दिल्ली, 28 जून 2026. बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने MyGov के माध्यम से देशभर के स्कूल छात्रों के लिए “Stay Cool, Stay Safe” Poster Making Competition शुरू की है. प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में हीटवेव से बचाव, जागरूकता और आपदा तैयारियों को लेकर रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है.
इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र अपनी कला के जरिए लोगों को भीषण गर्मी से बचाव के उपाय, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जागरूकता का संदेश दे सकते हैं.
अब गांव की हर सड़क को मिलेगा यूनिक कोड, सरकार ने मांगे जनता से सुझाव
क्या है प्रतियोगिता की थीम?
इस वर्ष की प्रतियोगिता की थीम है-
“Stay Cool, Stay Safe”
प्रतिभागियों को ऐसे पोस्टर तैयार करने हैं जो हीटवेव के दौरान सुरक्षित रहने, पानी की बचत, पेड़ लगाने, कमजोर वर्गों की सहायता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी जैसे संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें.
कौन ले सकता है भाग?
प्रतियोगिता में केवल भारत के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र भाग ले सकते हैं.
प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि जमा कर सकता है. एक से अधिक एंट्री भेजने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है.
किन माध्यमों से बना सकते हैं पोस्टर?
छात्र अपनी पसंद के किसी भी कलात्मक माध्यम का उपयोग कर सकते हैं, जैसे-
- पेंटिंग
- हाथ से बनाई गई स्केच
- इलस्ट्रेशन
- वॉटर कलर
- एक्रेलिक
- क्रेयॉन
- पेंसिल आर्ट
पोस्टर JPG या PDF प्रारूप में अपलोड करना होगा.
मूल्यांकन किन आधारों पर होगा?
प्रविष्टियों का मूल्यांकन निम्न बिंदुओं पर किया जाएगा-
- विषय से जुड़ाव
- रचनात्मकता और मौलिकता
- संदेश की स्पष्टता
- दृश्य प्रभाव
- कलाकृति की गुणवत्ता
- हीटवेव सुरक्षा का प्रभावी संदेश
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे-
- प्रथम पुरस्कार – ₹50,000
- द्वितीय पुरस्कार – ₹30,000
- तृतीय पुरस्कार – ₹20,000
महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन शुरू – 27 मई 2026
- अंतिम तिथि – 15 जुलाई 2026
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
NDMA ने स्पष्ट किया है कि पोस्टर पूरी तरह प्रतिभागी द्वारा स्वयं बनाया गया होना चाहिए. AI से तैयार, कॉपी किए गए, पहले प्रकाशित या किसी अन्य प्रतियोगिता में उपयोग किए गए पोस्टर स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
जरूरत पड़ने पर प्रतिभागियों से मूल कलाकृति भी मांगी जा सकती है. साथ ही MyGov प्रोफाइल में नाम, फोटो और संपर्क विवरण सही एवं पूर्ण होना आवश्यक है.
Zero Waste Mahotsav के लिए मांगे गए नागरिकों के सुझाव, 200-300 शब्दों में भेजें अपने आइडिया
जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
NDMA का मानना है कि पोस्टर जैसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों और समाज में हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे सुरक्षित और जिम्मेदार समाज बनाने में भी योगदान दे सकेंगे.
Source: National Disaster Management Authority (NDMA) | MyGov.


