लखनऊ/कानपुर: उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. एक तरफ जहां कानपुर और लखनऊ के बीच जल्द ही एक्सप्रेसवे शुरू होने वाला है, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय कैबिनेट ने यूपी को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले एक और महाप्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है. औद्योगिक शहर कानपुर से कबरई तक अब एक नया एक्सेस कंट्रोल ग्रीनफील्ड हाईवे बनाया जाएगा.
संभल के 69 गांवों की बदलेगी तस्वीर, अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण तेज
करीब 118 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 7,145 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है. इस नए हाईवे के बनने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच एक मजबूत इकनॉमिक कॉरिडोर (आर्थिक गलियारा) विकसित होगा, जिससे दोनों राज्यों के व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी.
58% समय की होगी बचत, आधा रह जाएगा ट्रैवल टाइम
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुताबिक, इस फोरलेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि भविष्य में इसे जरूरत पड़ने पर 6 लेन का भी किया जा सकेगा. इस हाईवे पर वाहन 80 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकेंगे. मौजूदा समय में कानपुर से कबरई जाने में करीब 3.5 घंटे से ज्यादा का समय लगता है, लेकिन नया हाईवे बनने के बाद यह सफर महज डेढ़ घंटे (90 मिनट) का रह जाएगा. यानी सफर के समय में सीधे 58 फीसदी की कमी आएगी.
टोल मॉडल पर बनेगा हाईवे, MP के खनिज क्षेत्रों तक होगी सीधी पहुंच
NHAI ने इस पूरे प्रोजेक्ट को बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर (BOT) यानी टोल मॉडल पर बनाने का फैसला किया है. इसका सीधा मतलब यह है कि निर्माण पूरा होने के बाद इस रूट पर टोल टैक्स वसूला जाएगा. इस हाईवे के बनने से यूपी के मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर सेक्टर को सीधे मध्य प्रदेश के खनिज (Minerals) से भरपूर क्षेत्रों तक आसान पहुंच मिलेगी. हाईवे निर्माण के साथ ही मौजूदा कानपुर-कबरई राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) को भी अपग्रेड और डेवलप किया जाएगा.
इन हाईवे और प्रमुख इलाकों से होगी सीधी कनेक्टिविटी
यह प्रोजेक्ट पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत देश के 16 इकनॉमिक कॉरिडोर को एक साथ लाने के विजन का हिस्सा है. इस हाईवे को कई मुख्य रूटों से जोड़ा जाएगा.
एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे: NH 34, NH 35, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और कानपुर रिंग रोड.
स्टेट हाईवे: SH 46, 91, 10b और 42.
प्रभावित इलाके: उन्नाव, बंथरा, पनकी, रनिया, चैनपुर, रूमा, चकेरी, सुमेरपुर और भूरागढ़.
यह हाईवे ट्रांस गंगा टाउनशिप ग्रोथ सेंटर, जयपुर-कानपुर नगर रोड और बंगाल केमिकल एंड फार्मास्यूटिकल लिमिटेड को सीधा एक्सेस देगा.


