मुंबई: दिल्ली के बाद देश के कई राज्यों में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है. इसी कड़ी में मुंबई के चेंबूर और शिवाजी पार्क इलाके में भी बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे. इस प्रदर्शन के दौरान एक ऐसी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वायरल वीडियो में एक महिला अकेले पुलिस की गाड़ी के आगे चट्टान की तरह खड़ी होकर उसे रोकती नजर आ रही हैं. इस वैन में पुलिस उन छात्रों को हिरासत में लेकर जा रही थी जो सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इस साहसी कदम के बाद से ही हर कोई यह जानने को उत्सुक था कि आखिर यह महिला कौन हैं.
बिना डरे पुलिस वैन के सामने आ खड़ी हुईं रिया
पुलिस गाड़ी को रोकने वाली यह महिला कोई और नहीं, बल्कि मॉडल और एक्ट्रेस रिया अहीर हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिया ने बताया कि वह शाम करीब 4:30 बजे शिवाजी पार्क पहुंची थीं. वहां उन्होंने देखा कि पुलिस प्रदर्शनकारी छात्रों को बेवजह वैन में बिठाकर ले जा रही है. यह देखकर वह तुरंत पुलिस वैन के ठीक सामने जाकर खड़ी हो गईं और गाड़ी को आगे बढ़ने से रोक दिया.
इस दौरान रिया की पुलिस अधिकारियों के साथ काफी तीखी बहस भी हुई. उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि आखिर छात्रों को किस आधार पर हिरासत में लिया जा रहा है.’न मैं स्टूडेंट हूं, न किसान परिवार से…’
वायरल वीडियो में रिया कहती दिख रही हैं कि मैं जानती हूँ कि पुलिस वालों की क्या ड्यूटी है, लेकिन वे अपना काम सही से नहीं कर रहे हैं, इसलिए मैंने उन्हें रोका. अगर वे अपना काम सही से नहीं करेंगे, तो हम करेंगे. मैं न तो कोई स्टूडेंट हूँ और न ही किसी किसान परिवार से हूँ, लेकिन मैं यहाँ इन छात्रों का सपोर्ट करने आई हूं. जो उन्होंने स्टूडेंट्स के साथ किया, वह पूरी तरह गलत है.”
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान रिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आकर छात्रों को न्याय देना चाहिए या फिर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मंत्री को आकर बच्चों से बात करनी चाहिए और यह बताना चाहिए कि यह सब क्यों और कैसे हुआ. रिया ने बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि बच्चों को भर तो लिया, अब कहां जाओगे.
कौन हैं रिया अहीर?
रिया अहीर एक एक्ट्रेस, मॉडल और बिजनेसवुमन हैं. वह ‘रियासत’ (Riyasat) नाम से अपना एक लग्जरी क्लोदिंग ब्रांड चलाती हैं, जो हैंडक्राफ्टेड प्रीमियम गार्मेंट्स का बिजनेस करता है. वह कई म्यूजिक वीडियोज और ‘दीदी’ नाम की एक सोशल ड्रामा शॉर्ट फिल्म में अभिनय कर चुकी हैं. वह अक्सर सोशल और पॉलिटिकल मुद्दों पर सोशल मीडिया पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं.
हरिद्वार डबल मर्डर केस का खुलासा, मंदिर की गद्दी के विवाद में दो साधुओं की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
बॉलीवुड से भी मिला समर्थन, जोया अख्तर ने शेयर की फोटो
सोशल मीडिया पर रिया अहीर के इस कदम की जमकर तारीफ हो रही है. लोग उनकी हिम्मत और निडरता को सलाम कर रहे हैं. मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर जोया अख्तर ने भी रिया की फोटो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करते हुए उनकी हिम्मत की सराहना की है.


