मथुरा: अगर आप श्रीकृष्ण जन्मस्थान या वृंदावन के दर्शन के लिए मथुरा जा रहे हैं और भारी ट्रैफिक जाम से परेशान हैं, तो आपके लिए एक बेहद राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने धर्मनगरी मथुरा में ट्रैफिक की विकट समस्या को समाप्त करने के लिए एक बड़ी सौगात दी है. शहर में जल्द ही 3.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनने जा रही है, जो श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के सफर को आसान और सुगम बनाएगी. करीब ₹350 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद वर्तमान में 40 मिनट का सफर महज 5 से 7 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
शनिवार को इस परियोजना का प्रस्तुतीकरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष किया गया. बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता दी है.
रेलवे अंडरपास की समस्या का मिलेगा समाधान
मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मस्थान तक का मौजूदा मार्ग रेलवे अंडरपास और सीमित सड़क चौड़ाई के कारण अक्सर जाम की चपेट में रहता है. एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यात्रियों को लंबे जाम से राहत मिलेगी.
बस पार्किंग और नई सड़कों का भी होगा निर्माण
परियोजना के तहत जन्मस्थान के पास महाविद्या कॉलोनी में करीब चार एकड़ क्षेत्र में बसों के लिए ओपन पार्किंग बनाई जाएगी. पार्किंग तक पहुंचने के लिए 12.5 मीटर चौड़ा दो-लेन लिंक रोड तैयार होगा. इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्मभूमि को जोड़ने के लिए 30 फीट चौड़ी सड़क, दोनों ओर 7.5-7.5 मीटर चौड़े कैरिज-वे और दो-दो मीटर चौड़े फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे.
17 चौराहों का होगा कायाकल्प
योजना के तहत शहर के 17 प्रमुख तिराहों और चौराहों का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा. ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए करीब ₹50 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी.
9 से 5 की नौकरी, 4 बार मिली असफलता… फिर भी नहीं मानी हार, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर जनदीप कौर बनीं IPS
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को होगा फायदा
अधिकारियों का कहना है कि एलिवेटेड रोड, नई पार्किंग, लिंक रोड और ट्रैफिक सुधार परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुगम होगी. इससे न केवल श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी.


