Weather Update 1 August 2026: देशभर में मानसून अब अपने सबसे सक्रिय दौर में पहुंच चुका है. कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं. इसी बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने 1 अगस्त के लिए नया मौसम अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के 19 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और कई स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने किसानों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है.
लखनऊ विकास प्राधिकरण की सौगात! 2500 से अधिक फ्लैटों की कीमतें तय, 8.99 लाख रुपये में मिलेगा अपना घर
पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से लेकर व्यापक वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार निचले क्षोभमंडल स्तर पर मध्य असम के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा दक्षिणी गुजरात से उत्तरी केरल तक तट से दूर कम दबाव की एक रेखा भी सक्रिय है, जिसके कारण देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं.
इन 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 अगस्त के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. कई राज्यों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली में 1 अगस्त का मौसम
दिल्ली में 1 अगस्त को भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में 1 अगस्त से 3 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, पीलीभीत, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, इटावा, फिरोजाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, कानपुर और शाहजहांपुर में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में येलो अलर्ट जारी
बिहार के गया, पटना, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, बक्सर, जमुई, भागलपुर, पूर्णिया, बांका, अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में 2 अगस्त तक बारिश का असर
झारखंड में 1 से 2 अगस्त तक साहेबगंज, जामतारा, गिरिडीह, बोकारो, रांची, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, खूंटी, गुमला, लातेहार, सरायकेला, गढ़वा, लोहरदगा और हजारीबाग में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां लगभग 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल, ऋषिकेश, हरिद्वार और चमोली में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और शिमला में भी भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है. मनाली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर में तीन दिन तक अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में 1 से 3 अगस्त तक कठुआ, जम्मू, रियासी, रामबन, पुंछ, कुपवाड़ा, राजौरी, सांबा, डोडा, किश्तवाड़, बारामूला और बडगाम में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश भी अलर्ट पर
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, कूचबिहार, हुगली, मुर्शिदाबाद, नादिया, दुर्गापुर, मालदा और उत्तर 24 परगना में भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब के होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, एसएएस नगर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
राजस्थान के जालोर, सिरोही, बाड़मेर, पाली, बारां, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश के उज्जैन, दमोह, नरसिंहपुर, खंडवा, हर्दा, छिंदवाड़ा, बैतूल, धार, भोपाल, बालाघाट, रीवा, उज्जैन और विदिशा में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
प्रमुख शहरों का तापमान
1 अगस्त के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली 33/28 डिग्री सेल्सियस, मुंबई 30/28 डिग्री, चेन्नई 36/28 डिग्री, कोलकाता 32/28 डिग्री, लखनऊ 33/28 डिग्री, पटना 33/28 डिग्री, रांची 29/24 डिग्री, भोपाल 28/24 डिग्री, जयपुर 33/27 डिग्री, शिमला 24/21 डिग्री और नैनीताल 25/21 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज कर सकते हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.


