Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में 6 महीने के मासूम समीर की मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. आरोप है कि बच्चे की मां शबाना ने अपने प्रेमी विशाल के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार मासूम को नाले में फेंक दिया गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई. इस मामले में आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को मेरठ के एक नाले में लोगों ने तेज बहाव के बीच एक बच्चे का शव देखा. स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश शुरू की, लेकिन उस समय बच्चे की शिनाख्त नहीं हो सकी. बाद में जांच के दौरान पता चला कि मृत बच्चा 6 महीने का समीर था.
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि सहारनपुर निवासी इमरान की पत्नी शबाना की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हापुड़ निवासी विशाल से हुई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू होने के बाद दोनों की मुलाकात हुई. इसके बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आए और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए. जांच के अनुसार दोनों ने साथ रहने की भी योजना बनाई थी.
12 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने घर से निकली
मामले के अनुसार 12 जुलाई को शबाना अपने 6 महीने के बेटे समीर को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी. परिवार को बताया गया था कि वह शहर जा रही है, लेकिन वह मेरठ पहुंच गई, जहां रात करीब 11 बजे उसकी मुलाकात विशाल से हुई.
आरोप है कि विशाल ने बच्चे को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया. उसने शबाना से कहा कि वह बच्चे को अपने एक दोस्त के घर छोड़कर आता है. पुलिस के अनुसार इसके बाद विशाल मासूम समीर को नाले में फेंक आया. वहीं शबाना उसके साथ हापुड़ चली गई.
पति की तलाश से खुला पूरा मामला
अपनी पत्नी और बेटे के अचानक लापता होने के बाद इमरान लगातार उनकी तलाश करता रहा. इसी क्रम में वह 26 जुलाई को हापुड़ पहुंचा, जहां शबाना मिल गई, लेकिन समीर उसके साथ नहीं था.
पूछताछ के दौरान शबाना ने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ी. जांच के दौरान पुलिस ने 13 जुलाई को मेरठ में मिले बच्चे के शव की तस्वीरें दिखाईं, जिनसे समीर की पहचान कराई गई.
डेढ़ लाख का मोबाइल मिला लेकिन नहीं डगमगाया ईमान, ई-रिक्शा चालक इमरान ने पेश की इंसानियत की मिसाल
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना की साजिश कैसे बनाई गई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही. यह मामला सोशल मीडिया पर शुरू हुए संबंध, परिवार से दूरी और एक मासूम की मौत के कारण गंभीर चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


