Siddharthnagar Visit CM Yogi: सिद्धार्थनगर जिले के निवासियों के लिए आज यानी रविवार का दिन बेहद खास है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जिले के बांसी क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वे क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 318 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
रत्न सेन इंटर कॉलेज में विशाल जनसभा
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजे के बाद बांसी पहुंचने की उम्मीद है. वे बांसी स्थित रत्न सेन इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. अपने संबोधन में सीएम योगी राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की प्रमुख प्राथमिकताओं और अब तक की उपलब्धियों का जिक्र कर सकते हैं. इसके अलावा, कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी.
बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ पंडाल
मौसम विभाग की बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आयोजन स्थल पर पुख्ता इंतजाम किए हैं. जनसभा के लिए विशाल मंच और हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ पूरे परिसर में मजबूत वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया है, ताकि खराब मौसम में भी कार्यक्रम में कोई बाधा न आए. सीएम के आगमन के लिए परिसर में ही हेलीपैड बनाया गया है और वहां से मुख्य मंच तक आवागमन के लिए एक विशेष सड़क तैयार की गई है.
Indian Railways: इटारसी-मदन महल के बीच रोज चलेगी नई पैसेंजर ट्रेन, 9 स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, रूट डायवर्जन लागू
वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आवागमन के रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. भीड़ प्रबंधन और यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. परिसर में बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्थाई शौचालय और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है.मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है.


