Delhi Master Plan 2047: दिल्ली के करोल बाग और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को आने वाले समय में ट्रैफिक जाम, खराब सड़कों और बाजारों में लटकते तारों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के तहत करोल बाग को आधुनिक और व्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. इसके लिए यातायात व्यवस्था सुधारने से लेकर पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और हरित क्षेत्र विकसित करने तक कई योजनाओं पर काम किया जाएगा.
भोपाल-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को मंजूरी, 13 हजार करोड़ से 7 घंटे में पूरा होगा सफर
बी-जोन में शामिल है करोल बाग
दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के तहत राजधानी को कुल 17 जोन में विभाजित किया गया है. करोल बाग को सिटी एक्सटेंशन के तहत बी-जोन में रखा गया है. इस क्षेत्र को व्यवस्थित, जाम-मुक्त और आधुनिक बनाने के लिए कई स्तरों पर बुनियादी ढांचे में बदलाव किए जाने हैं. योजना के तहत पैदल मार्गों को बेहतर किया जाएगा. इसके साथ ही हरित क्षेत्र विकसित करने और साइकिल ट्रैक बनाने पर भी जोर दिया जाएगा. नागरिक सुविधाओं में सुधार के साथ करोल बाग को स्मार्ट उपनगर के तौर पर विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा.
डीबीजी रोड और अजमेरी गेट से करोल बाग तक यातायात सुधार
करोल बाग में सबसे बड़ी समस्याओं में से एक ट्रैफिक जाम है. इसे दूर करने के लिए देशबंधु गुप्ता रोड (डीबीजी रोड) और अजमेरी गेट से करोल बाग होते हुए आनंद पर्वत तक के मार्ग को सिग्नल-फ्री बनाने की योजना है. इसके लिए फ्लाईओवर के विस्तार का प्रस्ताव है. इसके लागू होने से इस मार्ग पर रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
अजमल खान रोड पर बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम
करोल बाग के अजमल खान रोड और पूसा रोड जंक्शन पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा. यूटीटीआईपीईसी की योजना के तहत यहां वन-वे लूप सिस्टम, टेबल-टॉप क्रॉसिंग और बेहतर सिग्नल व्यवस्था लागू की जाएगी. इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाना है.
बाजारों से हटेगा लटकते तारों का जंजाल
करोल बाग के प्रमुख बाजारों में लंबे समय से लटकते बिजली और संचार के तार लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. मास्टर प्लान के तहत इन ओवरहेड तारों को हटाकर अंडरग्राउंड केबल नेटवर्क विकसित करने की योजना है. इसके अलावा पुराने बुनियादी ढांचे को बेहतर किया जाएगा. स्थानीय बाजारों, पार्कों, बस स्टॉप और अन्य सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
NIELIT ने लॉन्च किया National Cyber Security और AI Hackathon ‘Cyber Kushti 2026’
साइकिल ट्रैक और हरित क्षेत्र पर भी जोर
करोल बाग को केवल ट्रैफिक के लिहाज से ही नहीं, बल्कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी बेहतर बनाने की योजना है. इसके तहत पैदल मार्गों में सुधार, हरित क्षेत्र विकसित करने और साइकिल ट्रैक तैयार करने जैसे काम किए जाएंगे. मास्टर प्लान 2047 के तहत प्रस्तावित ये बदलाव लागू होने के बाद करोल बाग में यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और बाजारों के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.


