Aadhaar Mobile Number Update: आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए अब हर बार आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के नए Aadhaar App में मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा दी गई है. इसके जरिए पात्र आधार धारक घर बैठे नए मोबाइल नंबर को आधार से लिंक कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं के लिए OTP आते हैं. ऐसे में पुराना नंबर बंद होने या इस्तेमाल में नहीं रहने पर कई जरूरी काम अटक सकते हैं. UIDAI के मुताबिक, ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए OTP वेरिफिकेशन, फेस ऑथेंटिकेशन और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा.
Aadhaar App से मोबाइल नंबर अपडेट करने के 8 स्टेप
- सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधिकारिक Aadhaar App डाउनलोड करें.
- ऐप खोलें और आधार नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें. पहले से रजिस्टर्ड हैं तो 6 अंकों का PIN डालकर लॉगिन करें.
- ऐप में दिए गए Services सेक्शन में जाएं.
- यहां Mobile Number Update का विकल्प चुनें.
- अब वह नया मोबाइल नंबर दर्ज करें, जिसे आप आधार से लिंक कराना चाहते हैं.
- नए मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें. जरूरत के मुताबिक पुराने नंबर का OTP भी देना होगा.
- इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें.
- निर्धारित शुल्क का भुगतान करके आवेदन सबमिट कर दें. इसके बाद आपको रिक्वेस्ट से जुड़ी जानकारी मिल जाएगी.
तीन स्थितियों में अलग-अलग होगा वेरिफिकेशन
UIDAI के अनुसार, मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि आपने Aadhaar App में किस मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन किया है.
- पहली स्थिति: अगर ऐप में उसी मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन किया गया है, जो पहले से आधार में दर्ज है, तो नए मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन करना होगा. इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
- दूसरी स्थिति: अगर ऐप में रजिस्टर मोबाइल नंबर आधार में दर्ज पुराने नंबर से अलग है, तो पुराने और नए दोनों मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन करना होगा. इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन और शुल्क जमा करना होगा.
- तीसरी स्थिति: अगर आपके पास आधार में दर्ज पुराने मोबाइल नंबर का एक्सेस नहीं है या आधार में पहले से कोई मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, तो ऐप के जरिए नंबर अपडेट नहीं कर पाएंगे. ऐसी स्थिति में नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत आधार अपडेट सेंटर जाना होगा. पहली बार आधार में मोबाइल नंबर दर्ज कराने के लिए भी केंद्र जाना जरूरी है.
मोबाइल नंबर अपडेट होने में कितना समय लगेगा?
ऐप के जरिए आवेदन जमा करने के बाद मोबाइल नंबर तुरंत आधार में अपडेट नहीं होता. UIDAI के मुताबिक, मोबाइल नंबर या पते से जुड़े अपडेट की प्रक्रिया पूरी होने में अधिकतम 30 दिन तक का समय लग सकता है. आवेदन जमा करने के बाद आप Aadhaar App में मौजूद Track My Request विकल्प पर जाकर अपनी रिक्वेस्ट का स्टेटस देख सकते हैं.
क्या मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए दस्तावेज देने होंगे?
UIDAI की ओर से बताई गई ऐप प्रक्रिया में नए मोबाइल नंबर का OTP वेरिफिकेशन, फेस ऑथेंटिकेशन और निर्धारित शुल्क का भुगतान शामिल है. इसके लिए अलग से दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया नहीं बताई गई है. हालांकि, अगर पुराना नंबर उपलब्ध नहीं है या पहली बार मोबाइल नंबर दर्ज कराना है, तो आपको आधार केंद्र जाना होगा.
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 9 जगह बने ‘देवभूमि सिल्वर जुबली पार्क’, CM धामी ने किया लोकार्पण, 36 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात
यह भी पढ़ें- दिल्ली में शुरू हुई ‘नमो यमुना रिवर सफारी’, 6 KM का होगा क्रूज सफर, शाम को दिखेगा म्यूजिकल फाउंटेन शो


