Agra Metro expansion: ताजनगरी में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी से आगे बढ़ रहा है. आगरा मेट्रो के दोनों प्रमुख कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 के विस्तार से शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने जा रही है. सिकंदरा, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, आरबीएस कॉलेज, भगवान टॉकीज और कालिंदी विहार जैसे इलाके इस नेटवर्क से जुड़ेंगे. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की देखरेख में परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैक, स्टेशन, सिग्नलिंग और अन्य निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं.
कॉरिडोर-1 में सिकंदरा तक पहुंचेगी मेट्रो
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-1 का विस्तार ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक किया जा रहा है. ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर तक करीब 6 किलोमीटर का प्राथमिकता वाला हिस्सा मार्च 2024 से यात्रियों के लिए चालू है. मनकामेश्वर से आगे सिकंदरा तिराहा तक करीब 8.25 किलोमीटर हिस्से में टनलिंग और ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है. इस रूट पर एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज भूमिगत स्टेशन होंगे, जबकि आईएसबीटी स्टेशन एलिवेटेड बनाया गया है. इस सेक्शन में स्टेशन निर्माण के साथ सिग्नलिंग और ऑपरेटिंग सिस्टम से जुड़े परीक्षण भी किए जा चुके हैं.
कॉरिडोर-2 में कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो
आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर यानी ब्लू लाइन आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनेगा. करीब 15.4 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर कुल 14 स्टेशन प्रस्तावित हैं. पहले चरण में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक मेट्रो पहुंचेगी. इस हिस्से में आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलेक्टरेट और आगरा कॉलेज स्टेशन शामिल हैं. पिलर और ट्रैक से जुड़े अधिकांश काम पूरे हो चुके हैं, जबकि स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट और अन्य निर्माण कार्य जारी हैं. ट्रायल रन के बाद इस हिस्से पर जल्द परिचालन शुरू होने की उम्मीद है.
भगवान टॉकीज से कालिंदी विहार तक भी कनेक्टिविटी
कॉरिडोर-2 के दूसरे चरण में आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक मेट्रो लाइन बनाई जाएगी. इस हिस्से में भगवान टॉकीज, संजय प्लेस, सुल्तानगंज पुलिया और कालिंदी विहार प्रमुख स्टेशन होंगे. यमुना नदी के आसपास मेट्रो कॉरिडोर के पिलर और स्टेशन निर्माण का काम भी चल रहा है. पूरे कॉरिडोर-2 को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
यमुना पर बनेगा खास मेट्रो पुल
कॉरिडोर-2 को ट्रांस-यमुना क्षेत्र और कालिंदी विहार से जोड़ने के लिए यमुना नदी पर विशेष कैंटिलीवर मेट्रो ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा ट्रेनों के रखरखाव के लिए मॉल रोड क्षेत्र में डिपो भी विकसित किया जा रहा है.आगरा की ऐतिहासिक धरोहरों को ध्यान में रखते हुए मेट्रो में थर्ड रेल पावर सप्लाई सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे बिजली की आपूर्ति के लिए ऊपर ओवरहेड तारों की जरूरत कम होगी और ताजमहल व आगरा किले जैसे ऐतिहासिक स्थलों के आसपास दृश्य सौंदर्य बनाए रखने में मदद मिलेगी.
अभी इन स्टेशनों पर चल रही है मेट्रो
- ताज ईस्ट गेट एलिवेटेड
- कैप्टन शुभम गुप्ता (फतेहाबाद रोड) एलिवेटेड
- ताजमहल अंडरग्राउंड
- आगरा किला अंडरग्राउंड
- मनकामेश्वर अंडरग्राउंड
- बसई एलिवेटेड
जल्द जुड़ेंगे ये स्टेशन
मनकामेश्वर से आगे मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी जैसे प्रमुख स्टेशन जुड़ेंगे. आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर पूरे होने के बाद शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, शैक्षणिक संस्थानों और ट्रांस-यमुना क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा. इससे स्थानीय यात्रियों के साथ आगरा आने वाले पर्यटकों को भी तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा.


