Mumbai Ahmedabad Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब खत्म होने की ओर है. मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जुलाई 2026 तक परियोजना में हुए काम का अपडेट साझा किया है. पूरी परियोजना शुरू होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय करीब दो घंटे रह जाएगा.
453 किमी पियर और 359 किमी वायाडक्ट तैयार
रेल मंत्री की ओर से साझा किए गए अपडेट के मुताबिक, कॉरिडोर पर अब तक 453 किलोमीटर पियर यानी खंभों का निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं 359 किलोमीटर वायाडक्ट यानी ऊंचे पुल का काम भी पूरा किया जा चुका है. इसके अलावा 215 रूट किलोमीटर आरसी ट्रैक बेड तैयार हो चुका है. इनमें 91 रूट किलोमीटर हिस्से में CAM इंजेक्शन के साथ ट्रैक स्लैब बिछाने का काम पूरा हो गया है.
बिजलीकरण भी तेजी से आगे
बुलेट ट्रेन के लिए बिजलीकरण का काम भी तेज गति से चल रहा है. करीब 200 रूट किलोमीटर क्षेत्र में 9,000 से ज्यादा OHE मास्ट लगाए जा चुके हैं. यात्रियों को तेज रफ्तार ट्रेन के शोर से राहत देने के लिए ट्रैक के दोनों ओर करीब 297 किलोमीटर क्षेत्र में नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं.
17 बड़े पुल और 15 स्टील ब्रिज तैयार
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना में पुल और सुरंगों का निर्माण भी तेजी से पूरा किया जा रहा है. अब तक विभिन्न नदियों पर 17 बड़े पुल बनकर तैयार हो चुके हैं. इसके अलावा 15 स्टील ब्रिज भी तैयार किए जा चुके हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में चार मुख्य सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है. महाराष्ट्र में न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) तकनीक से बनाई जा रही करीब 5 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई भी पूरी हो गई है.
15 अगस्त 2027 को पहली बुलेट ट्रेन!
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, भारत में पहली बुलेट ट्रेन सेवा 15 अगस्त 2027 से शुरू करने का लक्ष्य है. शुरुआत में पूरी मुंबई-अहमदाबाद लाइन के बजाय इसके एक हिस्से पर ट्रेन दौड़ेगी.
- पहला चरण: सूरत-बिलिमोरा
- दूसरा चरण: वापी-सूरत
- तीसरा चरण: वापी-अहमदाबाद
- चौथा चरण: अहमदाबाद-ठाणे
- अंतिम चरण: ठाणे-मुंबई
इस तरह चरणबद्ध तरीके से पूरा कॉरिडोर चालू होने के बाद अहमदाबाद से मुंबई तक हाई-स्पीड रेल सेवा उपलब्ध होगी.
2 घंटे में मुंबई से अहमदाबाद
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर देश के परिवहन क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाली परियोजना मानी जा रही है. पूरी तरह चालू होने के बाद बुलेट ट्रेन करीब दो घंटे में मुंबई से अहमदाबाद पहुंचाएगी. यानी जिस सफर में अभी कई घंटे लगते हैं, वह भविष्य में हाई-स्पीड रेल की रफ्तार से महज कुछ घंटों में पूरा हो सकेगा. 15 अगस्त 2027 को सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर पहली ट्रेन का संचालन शुरू होना भारत के बुलेट ट्रेन युग की शुरुआत होगी.


