Namo Bharat Rapid Train: समस्तीपुर रेल मंडल के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. अब लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड और जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव होगा. रेलवे के इस फैसले से दरभंगा और आसपास के इलाकों के यात्रियों को पटना समेत कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल विकल्प मिलेगा. दोनों ट्रेनों के ठहराव को लहेरियासराय स्टेशन की बढ़ती अहमियत के तौर पर देखा जा रहा है. इससे रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है.
सलमान खान के साथ फिल्म बनाना चाहते हैं राजकुमार हिरानी, बोले- ‘मुझे उनके साथ काम करना अच्छा लगेगा…’
नमो भारत रैपिड का 10वां ठहराव
लहेरियासराय अब जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड का 10वां निर्धारित ठहराव होगा. इससे पहले ट्रेन जयनगर से चलकर मधुबनी, सकरी जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, बरौनी जंक्शन, मोकामा और बाढ़ समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकती हुई पटना पहुंचती थी. अब लहेरियासराय से भी यात्री सीधे नमो भारत रैपिड पकड़ सकेंगे. इससे दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना जाने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
लहेरियासराय से पटना का किराया 210 रुपये
तेज रफ्तार और कम समय में सफर पूरा करने वाली नमो भारत रैपिड से लहेरियासराय से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए किराया 210 रुपये निर्धारित किया गया है. तेज और आरामदायक यात्रा की वजह से यह ट्रेन रोजाना पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और कारोबारियों के लिए उपयोगी विकल्प बन सकती है.
जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी का भी ठहराव
रेलवे ने जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी लहेरियासराय में रोकने का फैसला किया है. यह ट्रेन जोगबनी से चलकर फोर्बेसगंज, नरपतगंज, ललितग्राम, प्रतापगंज, राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली, घोघरडीहा, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र होते हुए दानापुर पहुंचती है. लहेरियासराय को नया ठहराव मिलने के बाद यह इस ट्रेन का 18वां ठहराव होगा.
दानापुर तक स्लीपर का किराया 165 रुपये
लहेरियासराय से दानापुर तक इंटरसिटी एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी का किराया 165 रुपये और थर्ड एसी का किराया 535 रुपये निर्धारित किया गया है. इस ठहराव से लहेरियासराय और आसपास के यात्रियों को दानापुर समेत रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा.
दिल्ली का नया चेहरा! UER-II के किनारे बनेगा हाई-डेंसिटी कॉरिडोर, बदल जाएगी राजधानी की तस्वीर
मजबूत होगी उत्तर बिहार की रेल कनेक्टिविटी
दोनों ट्रेनों के ठहराव से लहेरियासराय स्टेशन की उपयोगिता बढ़ने की उम्मीद है. खासकर पटना, दानापुर, दरभंगा और उत्तर बिहार के अन्य क्षेत्रों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि लहेरियासराय में दोनों ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से मांग की जा रही थी. रेलवे का यह फैसला क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ यात्रियों के सफर को और आसान करेगा.


