Annapurti Grain ATM: बैंक के ATM की तरह अब राशन भी ATM से मिलेगा. छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ (Annapurti Grain ATM) की शुरुआत की गई है. इसके जरिए राशन कार्डधारकों को लंबी कतार में खड़े होने और राशन दुकान के तय समय का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी. लाभार्थी मशीन के जरिए अपना निर्धारित राशन तेजी से प्राप्त कर सकेंगे. इस नई व्यवस्था से राशन वितरण में होने वाली गड़बड़ी और कम राशन मिलने जैसी शिकायतों पर भी लगाम लगने की उम्मीद है.
CM विष्णु देव साय ने किया लॉन्च
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रेन एटीएम लॉन्च करते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद से अब तक 350 से ज्यादा सुधार किए जा चुके हैं. उन्होंने खाद्य विभाग में ग्रेन एटीएम की शुरुआत को प्रदेशवासियों के लिए सुविधा बढ़ाने वाला कदम बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राशन कार्डधारक अपनी सुविधा के अनुसार चावल प्राप्त कर सकेंगे. इससे उन्हें राशन लेने के लिए ज्यादा समय खर्च करने और लंबी लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी.
कैसे काम करेगा ‘ग्रेन ATM’?
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का इस्तेमाल काफी आसान रखा गया है. इसके लिए लाभार्थी को मशीन की टच स्क्रीन पर अपना राशन कार्ड नंबर या आधार से जुड़ी पहचान दर्ज करनी होगी. इसके बाद बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा. पहचान की पुष्टि होते ही मशीन लाभार्थी के निर्धारित कोटे के अनुसार चावल निकालना शुरू कर देगी. मशीन के नीचे रखे बैग में अपने आप राशन जमा होता जाएगा. यानी राशन लेने के लिए न दुकानदार पर निर्भरता और न ही लंबी लाइन में घंटों इंतजार करने से भी राहत मिल जाएगी.
24 घंटे मिल सकेगा राशन
ग्रेन एटीएम की सबसे खास बात यह है कि यह 24 घंटे काम कर सकता है. ऐसे में नौकरीपेशा लोगों, प्रवासी मजदूरों और उन लाभार्थियों के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी हो सकती है, जो राशन दुकान के निर्धारित समय पर नहीं पहुंच पाते. अब वे अपनी सुविधा के अनुसार मशीन से राशन ले सकेंगे.
कम राशन मिलने की शिकायत पर भी लगेगी लगाम
पारंपरिक राशन वितरण व्यवस्था में कभी-कभी लाभार्थियों को कम राशन मिलने या वितरण में गड़बड़ी की शिकायत रहती है. ग्रेन एटीएम में निर्धारित मात्रा के अनुसार मशीन से राशन निकलने के कारण ऐसी शिकायतों को कम करने में मदद मिल सकती है. राशन वितरण प्रक्रिया के डिजिटल होने से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की भी उम्मीद है.
फिलहाल चुनिंदा जगहों पर सुविधा
अभी अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की सुविधा छत्तीसगढ़ में कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही शुरू की गई है. आगे इसे अन्य इलाकों में भी विस्तार दिए जाने की संभावना है. रायपुर के एक राशन वितरण केंद्र पर काम करने वाली कर्मचारी लीला साहू के मुताबिक, लोगों को राशन कार्ड नंबर दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है और लाभार्थी खुद मशीन से चावल ले रहे हैं. उनके मुताबिक, दूर-दराज से भी लोग इस सुविधा का इस्तेमाल करने पहुंच रहे हैं क्योंकि इससे राशन जल्दी मिल जाता है.अगर यह व्यवस्था बड़े स्तर पर सफल होती है तो राशन की दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक उनके हिस्से का अनाज ज्यादा आसानी और पारदर्शिता से पहुंचाने में मदद मिल सकती है.


