मुंबई: अमिताभ बच्चन, सैफ अली खान और अक्षय कुमार का एक मजेदार वीडियो इन दिनों चर्चा में है. प्रोमो में बिग बी सैफ अली खान के साथ अपने पारिवारिक रिश्ते का खुलासा करते नजर आते हैं. अमिताभ की बात सुनकर खुद सैफ भी हैरान रह जाते हैं और जब बिग बी उनसे रिश्ते को लेकर सवाल पूछते हैं तो एक्टर कन्फ्यूज हो जाते हैं.
बिग बी बोले- बहुत कम लोग जानते हैं हमारा रिश्ता
प्रोमो में सैफ अली खान और अक्षय कुमार साथ बैठे नजर आते हैं. इसी दौरान अमिताभ बच्चन कहते हैं कि बहुत कम लोग उनके और सैफ के बीच के रिश्ते के बारे में जानते हैं. यह सुनकर सैफ हैरानी से पूछते हैं, ‘कौन, मैं?’ इसके बाद अमिताभ बच्चन दोनों परिवारों के बीच का कनेक्शन समझाते हैं.
कपूर परिवार से जुड़ता है बच्चन परिवार का रिश्ता
अमिताभ बताते हैं कि महान अभिनेता राज कपूर की बेटी रितु नंदा थीं. उनके बेटे निखिल नंदा हैं. निखिल नंदा की शादी अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन से हुई है. वहीं, राज कपूर करीना कपूर के दादा थे. इस रिश्ते से निखिल नंदा और करीना कपूर का पारिवारिक संबंध जुड़ता है. करीना कपूर ने सैफ अली खान से शादी की है. ऐसे में कपूर परिवार के जरिए सैफ अली खान का बच्चन परिवार से भी पारिवारिक कनेक्शन बन जाता है.
बिग बी के सवाल पर कन्फ्यूज हुए सैफ
अमिताभ बच्चन इसके बाद सैफ अली खान से मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि आखिर दोनों का रिश्ता क्या हुआ और करीना कपूर उन्हें क्या कहकर बुलाएंगी. बिग बी का सवाल सुनकर सैफ कुछ देर के लिए कन्फ्यूज हो जाते हैं और मजाक में कहते हैं कि अच्छा हुआ ये सवाल केबीसी शो का हिस्सा नहीं था. सैफ की बात सुनकर अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार हंसने लगते हैं. वहीं अक्षय भी मजाक-मस्ती करते हुए सैफ को हल्के से मारते नजर आते हैं.
सैफ और अमिताभ ने इन फिल्मों में किया है साथ काम
सैफ अली खान और अमिताभ बच्चन इससे पहले ‘एकलव्य: द रॉयल गार्ड’ और ‘आरक्षण’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं.
‘हैवान’ में साथ नजर आएंगे अक्षय-सैफ
वहीं सैफ अली खान और अक्षय कुमार जल्द ही फिल्म ‘हैवान’ में साथ नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में दोनों मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और इसका निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि फिल्म में सैफ एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे. फिल्म 11 सितंबर को रिलीज होने वाली है. इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान कई सालों बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे. इससे पहले दोनों ‘कीमत’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘आरजू’, ‘ये दिल्लगी’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और ‘टशन’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है.


