Noida Metro News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में मेट्रो की सुविधा और बेहतर होने वाली है. बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक प्रस्तावित दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है. दोनों रूट का निर्माण कार्य एलएंडटी कंपनी को सौंपा गया है. कंपनी ने निर्माण शुरू करने से पहले कास्टिंग यार्ड के लिए जगह तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उम्मीद है कि नवंबर के अंत तक दोनों परियोजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा.
एलएंडटी को मिला निर्माण का जिम्मा, LOI जारी
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों मेट्रो लाइनों के निर्माण के लिए कंपनी का चयन करीब तीन महीने पहले किया गया था. इसी साल अगस्त में टेंडर प्रक्रिया के जरिए एलएंडटी का चयन हुआ. इससे पहले दो बार टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन किसी कंपनी का चयन नहीं हो पाया था.
एनएमआरसी ने करीब 10 दिन पहले निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कंपनी को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया है. अब कंपनी ने निर्माण से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी हैं. कास्टिंग यार्ड बनाने के लिए दो से तीन स्थानों का निरीक्षण किया गया है. जल्द ही जगह फाइनल कर काम शुरू कराया जाएगा.
2,254 करोड़ रुपये से बनेगा 12.5 किलोमीटर लंबा रूट
बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर करीब 12.5 किलोमीटर लंबा होगा. इसके निर्माण पर 2,254.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस पूरे रूट पर एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाएगा.
इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं.
- बॉटेनिकल गार्डन
- सेक्टर-44
- नोएडा ऑफिस सेक्टर-94
- सेक्टर-97
- सेक्टर-105
- सेक्टर-108
- सेक्टर-93
- पंचशील बालक इंटर कॉलेज
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि दोनों मेट्रो कॉरिडोर का पूरा निर्माण एलिवेटेड होगा. निर्माण की जिम्मेदारी एलएंडटी की होगी, जबकि परियोजना की निगरानी एनएमआरसी करेगा. अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण शुरू होने के बाद 36 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य है.
दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जाना होगा आसान, बदलेगा सफर का तरीका
बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक मेट्रो विस्तार होने के बाद दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. फिलहाल दिल्ली से मेट्रो के जरिए आने वाले यात्रियों को सेक्टर-52 स्टेशन पर उतरना पड़ता है. यहां से सेक्टर-51 स्टेशन तक पहुंचकर एक्वा लाइन की मेट्रो पकड़नी होती है.
लेकिन नया कॉरिडोर शुरू होने के बाद यात्री बॉटेनिकल गार्डन से ही सीधे ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाली मेट्रो ले सकेंगे. इससे स्टेशन बदलने की परेशानी कम होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा.
एक्वा लाइन पर बढ़ रही यात्रियों की संख्या
वर्तमान में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन 29.7 किलोमीटर लंबी है. इस रूट पर कुल 21 स्टेशन हैं और इसका संचालन नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन करता है. हाल ही में एक्वा लाइन पर यात्रियों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई थी. बढ़ती राइडरशिप को देखते हुए मेट्रो के फेरे बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं.
दोनों नए कॉरिडोर बनने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. खासकर दिल्ली से आने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वालों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Aadhaar Update: अब घर बैठे बदल सकेंगे आधार कार्ड में मोबाइल नंबर, UIDAI ऐप से करें आवेदन
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 9 जगह बने ‘देवभूमि सिल्वर जुबली पार्क’, CM धामी ने किया लोकार्पण, 36 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात


