मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी ने अपने फिल्मी सफर से जुड़ा एक बेहद खास किस्सा साझा किया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने ही संजय दत्त की डेब्यू फिल्म ‘रॉकी’ का टाइटल सुनील दत्त को दिया था. खास बात यह है कि इसके लिए उन्होंने कोई पैसे भी नहीं लिए थे. इसकी वजह थी दत्त परिवार के साथ उनका बेहद करीबी रिश्ता.
यह भी पढ़ें- नेशनल अवॉर्ड जीतने पर सुकुमार को अल्लू अर्जुन ने दी बधाई, बोले- ‘यह सम्मान मेरे लिए भी उतना ही मायने रखता है’
अमिताभ बच्चन और रेखा के साथ फिल्म बनाना चाहते थे बिस्वजीत
ANI से बातचीत में बिस्वजीत चटर्जी ने बताया कि कभी उन्होंने अमिताभ बच्चन और रेखा को लेकर बतौर निर्माता-निर्देशक एक फिल्म बनाने की योजना बनाई थी. इस फिल्म के लिए उन्होंने ‘रॉकी’ टाइटल अपने नाम पर रखा था. हालांकि किसी वजह से यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका और फिल्म बंद हो गई. इसके बाद जब सुनील दत्त अपने बेटे संजय दत्त को बॉलीवुड में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे, तो उन्होंने बिस्वजीत से ‘रॉकी’ टाइटल देने का अनुरोध किया.
सुनील दत्त ने कहा- ये नाम संजू बाबा को खूब जचेगा
बिस्वजीत ने उस मुलाकात को याद करते हुए बताया कि सुनील दत्त ने उनसे कहा था कि वह अपने बेटे के लिए फिल्म बना रहे हैं और ‘रॉकी’ नाम संजय दत्त पर बहुत अच्छा लगेगा. उन्होंने कहा कि दत्त परिवार के साथ उनका रिश्ता सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं था. सुनील दत्त और उनकी पत्नी नरगिस दत्त के साथ उनका पारिवारिक जैसा संबंध था. बिस्वजीत के मुताबिक, उन्होंने सुनील दत्त से कहा कि वह यह टाइटल ले सकते हैं.
टाइटल के बदले पैसे लेने से कर दिया इनकार
बिस्वजीत ने बताया कि सुनील दत्त ने उनसे टाइटल के बदले पैसे देने की बात भी की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने पूछा कि आप इसके लिए कितने पैसे लेंगे? मैंने कहा- आप ये क्या कह रहे हैं? अगले दिन मैंने उन्हें ‘रॉकी’ टाइटल दे दिया. बिस्वजीत के लिए यह किसी कारोबारी सौदे से ज्यादा उनके व्यक्तिगत रिश्ते की बात थी.
नरगिस दत्त नहीं देख पाईं बेटे की डेब्यू फिल्म
बिस्वजीत ने ‘रॉकी’ से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि संजय दत्त की पहली फिल्म के रिलीज होने से पहले ही उनकी मां नरगिस दत्त का कैंसर के कारण निधन हो गया था. इस वजह से वह अपने बेटे को बड़े पर्दे पर डेब्यू करते हुए नहीं देख सकीं.
1981 में रिलीज हुई थी ‘रॉकी’
‘रॉकी’ 1981 में रिलीज हुई रोमांटिक एक्शन फिल्म थी, जिसका निर्देशन सुनील दत्त ने किया था. यह फिल्म संजय दत्त के बॉलीवुड डेब्यू के तौर पर याद की जाती है. फिल्म में संजय दत्त के साथ टीना मुनीम, रीना रॉय, अमजद खान, राखी, रंजीत, शक्ति कपूर और अरुणा ईरानी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे.
यह भी पढ़ें- वाराणसी में बनेगा फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का नया कैंपस, 150 करोड़ रुपये होंगे खर्च, 7 अक्टूबर को शिलान्यास
60 के दशक के लोकप्रिय रोमांटिक हीरो रहे बिस्वजीत
बिस्वजीत चटर्जी ने 1960 के दशक में हिंदी सिनेमा में बतौर रोमांटिक हीरो खास पहचान बनाई. ‘बीस साल बाद’, ‘कोहरा’, ‘मेरे सनम’ और ‘किस्मत’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया. आज भी बिस्वजीत सिनेमा से जुड़े हुए हैं और थिएटर में फिल्में देखना पसंद करते हैं. ‘रॉकी’ के टाइटल से जुड़ी उनकी यह कहानी फिल्म इंडस्ट्री में रिश्तों और दोस्ती की एक यादगार मिसाल के तौर पर सामने आती है.


