लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क को और विस्तार मिलने जा रहा है. प्रदेश में प्रस्तावित चार नए लिंक एक्सप्रेसवे के शिलान्यास की तैयारी तेज हो गई है. भूमि अधिग्रहण और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिलान्यास के लिए समय मांगा गया है. माना जा रहा है कि नवरात्र के दौरान इन परियोजनाओं का भूमि पूजन/शिलान्यास कराया जा सकता है.
यूपीडा ने इसी महीने शिलान्यास की तैयारी की थी, लेकिन खराब मौसम और कुछ तकनीकी कारणों के चलते कार्यक्रम नहीं हो सका. अब इसे अगले महीने कराने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आएगा 7000 करोड़ का निवेश! GBC-5 में 164 परियोजनाएं तैयार, 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
कौन-कौन से लिंक एक्सप्रेसवे?
यूपीडा की ओर से जिन प्रमुख लिंक एक्सप्रेसवे की तैयारी की जा रही है, उनमें फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे शामिल हैं.
फर्रुखाबाद लिंक से कई जिलों को कनेक्टिविटी
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए गंगा एक्सप्रेसवे को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है. करीब 90 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद और हरदोई होते हुए शाहजहांपुर में
गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा.
परियोजना के लिए करीब 1339.04 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है. संबंधित जिलों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है.
पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे
पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ेगा. करीब 50 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के लिए 643.60 हेक्टेयर भूमि का इस्तेमाल होना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त तक करीब 410 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका था.
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 1313 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण में जालौन और झांसी की कुल 1539.19 हेक्टेयर भूमि का इस्तेमाल होना है. 24 अगस्त तक इसमें से 1313.08 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका था. इसके टेंडर की प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूरी करने और 1 से 15 अक्टूबर के बीच शिलान्यास कराने का प्रस्ताव था.
जेवर लिंक एक्सप्रेसवे से NCR कनेक्टिविटी होगी मजबूत
जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बुलंदशहर और यीडा क्षेत्र की करीब 895.34 हेक्टेयर जमीन का इस्तेमाल होना है. यीडा क्षेत्र में करीब 93 प्रतिशत और बुलंदशहर में करीब 80 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा होने की जानकारी है.
इस लिंक एक्सप्रेसवे के बनने से जेवर क्षेत्र और आसपास के इलाकों की एक्सप्रेसवे नेटवर्क से कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Railway Ticket Checking: 1 अक्टूबर से खास चेकिंग अभियान, टिकट के साथ ये दस्तावेज रखना जरूरी
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे भी कतार में
इन चार परियोजनाओं के अलावा चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. यूपीडा को इसके टेंडर इसी महीने फाइनल करने हैं. यूपीडा के एसीईओ हरि प्रताप शाही के मुताबिक, प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि की व्यवस्था की जा चुकी है. शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है और विभाग की ओर से तैयारियां पूरी हैं.


