Meerut inner ring road: मेरठ शहर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने वाली इनर रिंग रोड परियोजना को अब रफ्तार मिलने की उम्मीद है. हापुड़ रोड से मेरठ-रुड़की हाईवे तक प्रस्तावित सड़क के निर्माण के लिए गूमी और जुर्रानपुर गांव में जमीन खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. जिला क्रय समिति की बैठक पूरी हो चुकी है. अब खसरा संख्या के आधार पर किसान खाताधारकों की पहचान कर बैनामा कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. खास बात यह है कि संबंधित किसान पहले ही जमीन देने पर अपनी सहमति जता चुके हैं.
5.7 किलोमीटर लंबी सड़क, दो हिस्सों में होगा निर्माण
मेरठ में इनर रिंग रोड का हापुड़ रोड से मेरठ-रुड़की हाईवे तक 5.7 किलोमीटर लंबा हिस्सा प्रस्तावित है. इसमें से 3.6 किलोमीटर सड़क बनाने की जिम्मेदारी मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) को सौंपी गई है.
मेडा इस सड़क का निर्माण दो हिस्सों में करेगा. पहला हिस्सा वेदव्यासपुरी से दिल्ली रोड तक और दूसरा शताब्दीनगर से जुर्रानपुर रेलवे लाइन के पास तक होगा. दूसरे हिस्से के निर्माण के लिए गूमी और जुर्रानपुर गांव की जमीन खरीदी जाएगी. जमीन खरीदने के बाद मेडा इसे सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित करेगा.
162 करोड़ जमीन खरीद पर, 68 करोड़ सड़क निर्माण पर होंगे खर्च
परियोजना के तहत मेडा किसानों से जमीन खरीदने पर करीब 162 करोड़ रुपये खर्च करेगा. वहीं, सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी 68 करोड़ रुपये खर्च करेगा. इस तरह दोनों मदों में कुल 230 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है.
गूमी और जुर्रानपुर गांव में जमीन का सर्वे और चिह्नांकन पहले ही पूरा किया जा चुका है. प्रस्तावित एलाइनमेंट में आने वाले खसरों से जुड़े किसानों से सहमति पत्र भी लिए जा चुके हैं.
पूठा में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, अधूरे पुल का काम भी होगा पूरा
इनर रिंग रोड परियोजना में पूठा के पास रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा. इसकी जिम्मेदारी सेतु निगम को दी गई है. इसके अलावा जुर्रानपुर गांव में रेलवे लाइन पर पहले से अर्धनिर्मित ओवरब्रिज का बाकी निर्माण आवास विकास परिषद कराएगा.
मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि जमीन खरीद को लेकर जिला क्रय समिति की बैठक हो चुकी है. अब खसरा संख्या के अनुसार खाताधारक किसानों की संख्या तय करके खरीद से जुड़ी अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
इनर रिंग रोड का यह हिस्सा पूरा होने के बाद मेरठ के अलग-अलग इलाकों के बीच आवागमन आसान होने और शहर के यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- मेरठ में बनेगा देश का पहला ड्रोन और मानव रहित विमान रनवे, 900 एकड़ जमीन पर होगा निर्माण, 371 करोड़ का टेंडर जारी
यह भी पढ़ें- लखनऊ में जाम से मिलेगी राहत, ग्रीन कॉरिडोर पर बनेगा 450 मीटर लंबा फ्लाईओवर, 81 करोड़ होंगे खर्च


