गुरुग्राम: सेक्टर-104 में 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. सड़क बनने के बाद जारा होम्स और गोदरेज समिट सोसाइटी में रहने वाले करीब 2 हजार परिवारों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही, आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है.
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की प्रशासक वैशाली सिंह की अध्यक्षता में गठित संयुक्त स्थल निरीक्षण समिति ने प्रस्तावित सड़क के लिए जमीन का निरीक्षण किया है. इसके बाद जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें- UP Link Expressway: यूपी में बनेंगे 4 नए लिंक एक्सप्रेसवे, नवरात्र में शिलान्यास की तैयारी, जानें किन जिलों को फायदा
अभी गांव के रास्ते से गुजरते हैं लोग
फिलहाल दोनों सोसाइटियों के निवासियों को गांव धनवापुर के राजस्व रास्ते से होकर आवागमन करना पड़ता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह रास्ता लंबे समय से खराब हालत में है. बारिश के दौरान यहां करीब एक फीट तक जलभराव हो जाता है. वहीं, रास्ता संकरा होने के कारण सुबह और शाम के समय जाम की स्थिति भी बनती है.
सोसाइटी निवासियों की ओर से लंबे समय से 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने की मांग की जा रही थी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद HSVP और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है.
गुड़गांव और धनवापुर की जमीन होगी अधिग्रहित
प्रस्तावित सड़क के निर्माण के लिए दो गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी. प्रस्ताव के अनुसार, गुड़गांव गांव की करीब 2.96 एकड़ और धनवापुर गांव की करीब 0.69 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है. जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव मुख्यालय भेजे जाने के बाद अब आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
मंजूर नक्शे में था सड़क का प्रावधान
गोदरेज समिट सोसाइटी निवासी बजरंग जैन ने बताया कि सेक्टर के मंजूर नक्शे में 24 मीटर चौड़ी सड़क का प्रावधान था, लेकिन मौके पर इसका निर्माण नहीं हुआ. इसके कारण सोसाइटी के लोगों को गांव के रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है. अब जमीन अधिग्रहण और सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आएगा 7000 करोड़ का निवेश! GBC-5 में 164 परियोजनाएं तैयार, 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
वहीं, जारा होम्स निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि मुख्य सड़क नहीं होने के कारण अभी गांव के रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है. 24 मीटर चौड़ी सड़क बनने से आवागमन आसान होगा और जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है.


