नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना ने विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मामले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अभियोजन पक्ष ने जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि आखिर कॉकपिट में हमला क्यों हुआ और क्या इसके पीछे कोई पूर्व नियोजित साजिश या आतंकी कनेक्शन था. हालांकि, अभी तक हमले के मकसद को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
घटना उस समय हुई जब फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. रिपोर्टों के मुताबिक, ओमान के नागरिक बताए जा रहे को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा और कुछ ही समय में करीब 14,000 फीट की ऊंचाई गंवा बैठा. विमान में 174 लोग सवार थे.
यह भी पढ़ें- UP Rajya Sabha Election: अखिलेश यादव के साथ दिखे मंत्री राकेश सचान, तस्वीर के बाद सियासी कयास तेज
आतंकी कनेक्शन और साजिश की भी होगी पड़ताल
UAE की जांच में घटना की पूरी परिस्थितियों और हमले के संभावित मकसद को खंगाला जा रहा है. जांचकर्ताओं का एक अहम सवाल यह है कि क्या यह हमला किसी आतंकी गतिविधि से जुड़ा था या इसे पहले से प्लान किया गया था. UAE ने मामले में अपने अधिकार क्षेत्र का हवाला दिया है क्योंकि विमान UAE में रजिस्टर्ड है. फिलहाल जांच एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं पर जानकारी जुटा रही हैं. हमले के पीछे का वास्तविक कारण सामने आने में अभी समय लग सकता है.
जख्मी होने के बावजूद कैप्टन ने खोला कॉकपिट का दरवाजा
इस घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर बुरी तरह घायल हुए. रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों को अंदर पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला. इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान की अचानक हुई तेज गिरावट ने यात्रियों में दहशत पैदा कर दी थी. रिपोर्टों के अनुसार, विमान करीब 14,000 फीट नीचे चला गया था. बाद में यात्रियों और अन्य क्रू सदस्यों की मदद से स्थिति संभाली गई.
भारतीय पायलट स्मित मच्छर के परिवार से मिले राजदूत
घटना के बाद भारत ने कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार से संपर्क बनाए रखा है. UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल और दुबई में भारत के कॉन्सुल जनरल विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित के परिवार से मुलाकात की. दोनों अधिकारियों ने परिवार को भारत सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया. भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, कैप्टन स्मित का सऊदी अरब में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है.
पीएम मोदी ने भी की कैप्टन स्मित की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छर के साहस की सराहना की है. उन्होंने उनके परिवार से बात कर उनका हाल जाना और मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों को लेकर प्रशंसा व्यक्त की. कैप्टन स्मित के पास 13 साल से ज्यादा का कमर्शियल एविएशन अनुभव और करीब 9,750 फ्लाइंग ऑवर्स बताए जाते हैं. वह फ्लाईदुबई से पहले स्पाइसजेट में भी काम कर चुके हैं और वहां लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
यह भी पढ़ें- Neem Karoli Baba पर नई सीरीज का ऐलान, Hanuman Ansh की सफलता के बाद SonyLIV लाएगा संत की रहस्यमयी कहानी
फ्लाईदुबई ने इजरायल की उड़ानें कीं निलंबित
घटना के बाद फ्लाईदुबई ने इजरायल से आने-जाने वाली उड़ानों को फिलहाल निलंबित कर दिया है. वहीं, इस पूरे मामले की जांच UAE के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी भी कर रहे हैं. जांच का फोकस हमले के कारण, आरोपी के इरादे और घटना की पूरी कड़ी को समझने पर है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कॉकपिट में आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने एक सामान्य उड़ान को अचानक जिंदगी और मौत की जंग में बदल दिया. जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह और किसी संभावित साजिश की तस्वीर साफ हो पाएगी.


