Ghazipur Ballia Greenfield Expressway: पूर्वांचल के लोगों के लिए अच्छी खबर है. गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पहले फेज पर गुरुवार से वाहनों का ट्रायल शुरू हो गया है. शुरुआती चरण में जंगीपुर से लट्ठूडीह के रास्ते रसड़ा के शाहपुर तक करीब 34 किलोमीटर सड़क को वाहनों के लिए खोला गया है. इस दौरान टोल की वसूली नहीं की जाएगी.
ट्रायल के बाद इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों के मुताबिक, 34 किलोमीटर का रास्ता वाहन करीब 18 से 20 मिनट में पूरा कर रहे हैं. हालांकि, एक्सप्रेसवे पर निर्धारित अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा है.
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से बदलेगा बिहार से असम तक सफर, मधुबनी से कामाख्या मंदिर करीब 10 घंटे में पहुंचने का अनुमान
स्पीड मीटर से रखी जाएगी नजर
एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार पर नजर रखने के लिए स्पीड मीटर लगाए गए हैं. जल्द ही ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों का ऑटोमैटिक चालान भी शुरू किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल के दौरान यातायात व्यवस्था और सड़क से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी परखा जा रहा है.
बलिया से बिहार और लखनऊ-दिल्ली की कनेक्टिविटी होगी आसान
यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के साथ-साथ बलिया-मांझी और बक्सर, बिहार से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है. इसके पूरा होने के बाद बलिया और आसपास के इलाकों से लखनऊ और दिल्ली की ओर आने-जाने में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के जंगीपुर क्षेत्र से निकलने वाला यह एक्सप्रेसवे बलिया होते हुए मांझीघाट तक जाएगा. करीमुद्दीनपुर क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण कनेक्शन प्रस्तावित हैं. इनमें एक बलिया-मांझी और बक्सर की ओर जाने वाले मार्ग से जुड़ेगा, जबकि दूसरा हैदरिया के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा.
5,473 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा प्रोजेक्ट
गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 117.120 किलोमीटर है. इसके अलावा भरौली-बक्सर के लिए करीब 17.700 किलोमीटर लंबा स्पर बनाया जा रहा है. पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 5,473 करोड़ रुपये है. इसकी आधारशिला फरवरी 2023 में रखी गई थी. एक्सप्रेसवे गाजीपुर के करीब 86 और बलिया के 99 गांवों से होकर गुजरेगा. निर्माण का काम चार कंपनियों को सौंपा गया है और बाकी हिस्सों को भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.
दिसंबर तक बक्सर फेज शुरू करने की तैयारी
एनएचएआई के आजमगढ़ परियोजना निदेशक पीयूष अग्रवाल के मुताबिक, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पहले फेज के 34 किलोमीटर हिस्से को ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है. इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि दिसंबर तक बक्सर फेज को भी शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है. ट्रायल के दौरान टोल नहीं लिया जा रहा है. बाकी हिस्सों का निर्माण पूरा होने के बाद इस पूरे एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल में सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.


