Delhi News: दिवाली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है. रविवार, 8 नवंबर 2026 को दिल्ली मेट्रो की सेवाओं के समय में बदलाव किया जाएगा. दिवाली के दिन यात्रियों की सुविधा और मेट्रो कर्मचारियों को त्योहार मनाने का समय देने के लिए ट्रेनें कुछ रूटों पर सामान्य समय से पहले शुरू होंगी, जबकि सभी लाइनों पर रात की आखिरी मेट्रो पहले रवाना होगी. DMRC के नए शेड्यूल के मुताबिक, रविवार को कुछ रूटों पर सुबह 6 बजे से मेट्रो सेवा शुरू होगी और रात 10 बजे सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन चलेगी.
इन तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह 6 बजे से शुरू होगी सेवा
DMRC के मुताबिक, रविवार को आमतौर पर सुबह 7 बजे से शुरू होने वाली तीन मेट्रो लाइनों पर सेवाएं एक घंटे पहले यानी सुबह 6 बजे से शुरू होंगी. इनमें पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन शामिल हैं.
- पिंक लाइन: मजलिस पार्क से शिव विहार और मजलिस पार्क रूट.
- मैजेंटा लाइन: बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक रूट.
- ग्रे लाइन: द्वारका ककरोला से धांसा बस स्टैंड रूट.
इन सभी रूटों पर मेट्रो ट्रेनें अपने टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 6 बजे रवाना होंगी.
रात 11 की जगह 10 बजे चलेगी आखिरी मेट्रो
दिवाली की शाम को देखते हुए DMRC ने सभी मेट्रो लाइनों के संचालन समय में भी बदलाव किया है. रविवार को सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 11 बजे के बजाय 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी.
इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है. यानी रात में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अपने समय का विशेष ध्यान रखना होगा, ताकि आखिरी ट्रेन छूटने की परेशानी न हो.
यात्रियों के लिए DMRC की खास सलाह
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि दिवाली के दिन यात्रा करने से पहले मेट्रो का नया टाइम टेबल जरूर देख लें. त्योहार के दौरान आखिरी समय की परेशानी से बचने के लिए यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है.
मेट्रो के संचालन समय और रियल टाइम अपडेट की जानकारी DMRC की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध रहेगी.
यह भी पढ़ें- आगरा मेट्रो की बड़ी परीक्षा पास! 959 यात्रियों का भार लेकर 80 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, जानें कहां हुई टेस्टिंग


