Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी इलाके में अवैध संबंधों के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने वारदात को छिपाने के लिए मौत को हार्ट अटैक का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस को यह मामला सामान्य अप्राकृतिक मौत का लगा था. 12 अक्टूबर 2026 को इलेक्ट्रॉनिक सिटी थाना क्षेत्र के डोड्डाथोगुरु स्थित बेट्टादासनपुरा मेन रोड के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका बड़ा भाई बाथरूम जाने के दौरान फिसलकर गिर गया था और हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई.
इस शिकायत के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु रिपोर्ट (UDR) दर्ज कर जांच शुरू की. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस को मामले में संदेह हुआ. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू कर दी.
पूछताछ में खुला अवैध संबंधों का राज
जांच के दौरान 5 नवंबर 2026 को पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसका मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. मृतक को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और उसने इसको लेकर दोनों को चेतावनी भी दी थी.
पुलिस के मुताबिक, मृतक को अपने रास्ते की बाधा मानते हुए दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची. 12 अक्टूबर की सुबह दोनों ने मिलकर उसका गला घोंटा और नाक-मुंह दबाकर दम घोंट दिया. हत्या के बाद परिवार और अन्य लोगों को गुमराह करने के लिए उन्होंने बताया कि मृतक बाथरूम में फिसलकर गिर गया था और हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई.
पत्नी ने भी कबूला जुर्म, कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 6 नवंबर को डोड्डाथोगुरु स्थित उसके घर से मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने भी अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु के मामले को हत्या के केस में बदल दिया.
दोनों आरोपियों को 6 नवंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
इस कार्रवाई को डीसीपी (इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन) एम. नारायण के मार्गदर्शन और एसीपी के.एम. सतीश के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. इलेक्ट्रॉनिक सिटी थाने के पुलिस इंस्पेक्टर अजुरुद्दीन सहित अन्य पुलिसकर्मी जांच टीम में शामिल रहे.


