Lucknow news: राजधानी लखनऊ के व्यस्त निशातगंज चौराहे पर रोजाना लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ग्रीन कॉरिडोर पर गोमती पुल के पास 450 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी कर रहा है. इस परियोजना पर करीब 81 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. तकनीकी अध्ययन में निर्माण को व्यवहारिक पाए जाने के बाद अब एलडीए शासन से बजट मांगने की तैयारी में जुट गया है.
फ्लाईओवर बनने से खत्म होगा वाहनों का टकराव
निशातगंज चौराहे पर ग्रीन कॉरिडोर और निशातगंज मार्ग का ट्रैफिक एक-दूसरे को क्रॉस करता है. दोनों ओर से वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. खासकर सुबह और शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. यातायात नियंत्रित करने के लिए चौराहे पर सिग्नल भी लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद लोगों को जाम से पूरी राहत नहीं मिल सकी.
प्रस्तावित फ्लाईओवर बनने के बाद ग्रीन कॉरिडोर का ट्रैफिक सीधे ऊपर से गुजर सकेगा. इससे चौराहे पर वाहनों का टकराव कम होगा और नीचे निशातगंज मार्ग पर यातायात सुचारु बनाने में मदद मिलेगी.
टीसीएस की रिपोर्ट के बाद तेज हुई तैयारी
एलडीए ने फ्लाईओवर की उपयोगिता और निर्माण की व्यवहारिकता जांचने के लिए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) से तकनीकी अध्ययन कराया था. कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में 450 मीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव दिया है. अध्ययन में इसे यातायात व्यवस्था सुधारने के लिहाज से कारगर बताया गया है.
एलडीए के अनुसार, परियोजना की तकनीकी स्टडी रिपोर्ट मिल चुकी है. अब निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट की मांग की जाएगी. स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी.
प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, एलडीए के मुताबिक, निशातगंज गोमती पुल के पास बनने वाले 450 मीटर लंबे फ्लाईओवर पर लगभग 81 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसके निर्माण के लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा.
पुराने लखनऊ में पक्का पुल के पास भी फ्लाईओवर का प्रस्ताव
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत एलडीए पुराने लखनऊ में पक्का पुल के पास भी एक और फ्लाईओवर बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए तकनीकी अध्ययन कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है. फिलहाल प्राधिकरण की प्राथमिकता निशातगंज फ्लाईओवर के लिए बजट स्वीकृत कराना है.
यह भी पढ़ें- बिहार में 9.76 KM लंबे पुल का नाम होगा ‘नीतीश सेतु’, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन
यह भी पढ़ें- कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में भारी कटौती, मरीजों को 3,541 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान


