पटना: बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के योगदान को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम अब ‘नीतीश सेतु’ होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी.
सीएम सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे. इस दौरान वह कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नाम राज्य सरकार ने ‘नीतीश सेतु’ रखा है, का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वैशाली के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे.
नीतीश कुमार के सम्मान में फैसले से JDU में खुशी
सरकार के इस फैसले पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने खुशी जाहिर की है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के निर्माण में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. ऐसे में पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा जाना पार्टी के लिए गौरव और प्रतिष्ठा की बात है.
संजय झा ने कहा कि जेपी सेतु के बाद अब बिहार में नीतीश सेतु होगा. उन्होंने बिहार की 13 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया. उन्होंने यह भी बताया कि नीतीश कुमार इस पुल के निर्माण को लेकर काफी सजग रहते थे. वह समय-समय पर इसका निरीक्षण करते थे और काम की प्रगति के साथ गुणवत्ता का जायजा लेते थे. संजय झा ने इसे उत्तर बिहार का गेटवे बताया.
पटना पहुंचना होगा आसान, गांधी और जेपी सेतु पर घटेगा दबाव
कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक बना यह पुल पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाएगा. इसके रास्ते में राघोपुर दियारा के लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. पुल की कुल लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जबकि इसके साथ लगभग 10 किलोमीटर का अप्रोच रोड भी परियोजना का हिस्सा है.
इसके शुरू होने से पटना पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा. साथ ही गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव घटने तथा जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.
नीतीश कुमार ने 2015 में किया था शिलान्यास
इस पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था. लंबे समय से निर्माणाधीन इस परियोजना को उत्तर बिहार और पटना के बीच संपर्क मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे.
राजनीतिक दृष्टि से भी इस फैसले को NDA गठबंधन के भीतर सहयोग और नीतीश कुमार के योगदान को सम्मान देने के कदम के रूप में देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में भारी कटौती, मरीजों को 3,541 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान
यह भी पढ़ें- सेहत को लेकर ब्रेक के बाद KBC के मंच पर लौटे अमिताभ बच्चन, बोले- ‘आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं’, नए एपिसोड के साथ दिखा वही पुराना जोश


