मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में बड़ी परियोजना तैयार की जा रही है. शहर के किला रोड स्थित पुराने मिलिट्री फार्म की 900 एकड़ जमीन पर देश का पहला मानव रहित विमान और ड्रोन रनवे बनाया जाएगा. सीमा सड़क संगठन (BRO) इस परियोजना का निर्माण कराएगा. खास बात यह है कि प्रस्तावित रनवे पर ड्रोन के साथ C-295 और C-130 जैसे मध्यम श्रेणी के सैन्य परिवहन विमान भी उतर सकेंगे.
2,110 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा होगा रनवे
परियोजना के तहत मिलिट्री फार्म की चिह्नित जमीन पर 2,110 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा. यह केवल ड्रोन संचालन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर सैन्य परिवहन विमानों के संचालन में भी इस्तेमाल हो सकेगा.
विमानों और ड्रोन को सुरक्षित रखने के लिए यहां दो हैंगर भी बनाए जाएंगे. प्रत्येक हैंगर 60 मीटर चौड़ा और 50 मीटर लंबा होगा. इससे एयरबेस पर विमानों और मानवरहित हवाई वाहनों को रखने की सुविधा मिलेगी.
371.15 करोड़ रुपये का टेंडर जारी, 18 नवंबर तक आवेदन
इस परियोजना को ‘प्रोजेक्ट शिवालिक’ के तहत विकसित किया जाएगा. इसके लिए BRO के अतिरिक्त महानिदेशक (उत्तर-पश्चिम), चंडीगढ़ कार्यालय की ओर से 371.15 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है. टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख 18 नवंबर निर्धारित की गई है. पहले यह तारीख 25 सितंबर थी, जिसे बढ़ाया गया है. 19 नवंबर को सुबह 11 बजे टेंडर खोले जाएंगे.
टेंडर में उन्हीं एजेंसियों को प्राथमिकता मिलेगी, जिन्हें एयरफील्ड या डिफेंस से जुड़े निर्माण कार्यों का अनुभव हो और जो सेना की निगरानी में परियोजनाओं को पूरा करने की क्षमता रखती हों.
1908 में स्थापित हुआ था मिलिट्री फार्म, 2017 में हुआ बंद
मेरठ छावनी में मिलिट्री फार्म की स्थापना वर्ष 1908 में हुई थी. यह मवाना रोड से किला रोड तक फैला हुआ था. यहां पहले प्रशिक्षण और अन्य सैन्य गतिविधियां संचालित होती थीं. हालांकि, 20 जुलाई 2017 को मिलिट्री फार्म बंद कर दिया गया था. अब इसी क्षेत्र की करीब 900 एकड़ जमीन पर आधुनिक ड्रोन और विमान रनवे विकसित करने की तैयारी है.
7 महीने में बनेगी DPR, 18 महीने में पूरा होगा निर्माण
परियोजना की समयसीमा भी निर्धारित की गई है. चयनित कार्यदायी एजेंसी को सात महीने के भीतर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करनी होगी. इसके स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 18 महीने का समय निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा 24 महीने की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि और अगले 36 महीने रखरखाव एवं निगरानी के लिए तय किए गए हैं.
इस परियोजना से मेरठ सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है. ड्रोन और मानव रहित विमानों के संचालन के साथ आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाने और सैन्य जरूरतों को पूरा करने में भी यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में जाम से मिलेगी राहत, ग्रीन कॉरिडोर पर बनेगा 450 मीटर लंबा फ्लाईओवर, 81 करोड़ होंगे खर्च
यह भी पढ़ें- बिहार में 9.76 KM लंबे पुल का नाम होगा ‘नीतीश सेतु’, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन


