नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. एयरपोर्ट विस्तारीकरण में विस्थापित होने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. इसके तहत जेवर क्षेत्र के छह अन्य गांवों की जमीन पर नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है. प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर 23 से 28 नवंबर तक छह गांवों में लोक सुनवाई आयोजित की जाएगी.
शासन की ओर से नामित एजेंसी गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ने प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर सामाजिक समाघात निर्धारण (SIA) रिपोर्ट और सामाजिक समाघात प्रबंधन योजना तैयार की है. इस ड्राफ्ट रिपोर्ट पर प्रभावित परिवारों की राय जानने के लिए टीम गांवों में पहुंचकर निर्धारित तारीखों पर जनसुनवाई करेगी.
420.55 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगी नई टाउनशिप
एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तारीकरण के लिए जेवर के 14 गांवों के किसानों से करीब 1888 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. इनमें किशोरपुर, रामनेर, बनवारीवास, ख्वाजपुर, नीमका और थोरा गांवों को विस्थापित किया जाना प्रस्तावित है.
इन छह गांवों के प्रभावित परिवारों को बसाने के लिए जेवर क्षेत्र के ही छह अन्य गांवों में टाउनशिप विकसित की जाएगी. इसके लिए चौरोली, नीमका, मॉडलपुर, जेवर बांगर, मंगरौली और अलावलपुर की कुल 420.55 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है.
3279 परिवारों पर पड़ेगा भूमि अधिग्रहण का असर
सामाजिक समाघात निर्धारण की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण से छह गांवों के करीब 3279 परिवार प्रभावित होंगे. सामाजिक समाघात प्रबंधन योजना में दिए गए सुझावों को ध्यान में रखते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की संस्तुति की गई है.
इसके बाद गौतमबुद्धनगर के कलेक्टर की ओर से छह प्रभावित गांवों में एसआईए ड्राफ्ट रिपोर्ट पर लोक सुनवाई कराने के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की गई है.
लोक सुनवाई में रख सकेंगे आपत्ति और सुझाव
23 से 28 नवंबर के बीच होने वाली लोक सुनवाई में प्रभावित परिवारों और अन्य संबंधित लोगों को प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर अपनी आपत्तियां, सुझाव और विचार रखने का अवसर मिलेगा. गांव-गांव जाकर होने वाली इस सुनवाई के आधार पर प्रभावित लोगों की राय और उनके हितों से जुड़े पहलुओं को प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मां-बेटे ने कार के अंदर खाया जहर, दोनों की मौत, महिला के पति की भी हाल ही में हुई थी मौत
यह भी पढ़ें- लखनऊ वालों ध्यान दें! VIP कार्यक्रम के चलते कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जान लें डायवर्जन


