Samuk First Look: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘समुक’ (Samuk) का पहला लुक जारी कर दिया गया है. फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आते ही इसकी कहानी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. पहली झलक में अक्षय कुमार एक रहस्यमयी और खतरनाक जीव से मुकाबला करते नजर आ रहे हैं. फिल्म एक्शन और क्रिएचर थ्रिलर के अंदाज में दिखाई दे रही है.
फिल्म के मेकर्स ने फर्स्ट लुक जारी करते हुए एक दमदार कैप्शन भी लिखा है. इसमें कहा गया, “दुश्मन इंसान नहीं है, लेकिन लड़ाई इंसानियत के लिए है. और पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं है.” इस संदेश से साफ है कि फिल्म की कहानी किसी ऐसे खतरनाक जीव के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मानवता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.
धुंध से भरे जंगल में बंदूक थामे दिखे अक्षय कुमार
फिल्म की पहली झलक में अक्षय कुमार गहरे रंग के शानदार सूट में नजर आ रहे हैं. उनके हाथ में एक शक्तिशाली बंदूक है और वह घने, धुंध से भरे जंगल में किसी अनदेखे निशाने पर गोली चलाने के लिए तैयार दिखाई देते हैं. इसके बाद वीडियो में रहस्यमयी जीव की झलक दिखाई जाती है. उसका डरावना चेहरा, विशाल जबड़ा, नुकीले और टेढ़े-मेढ़े दांत और मुंह से टपकता गाढ़ा तरल उसे बेहद खतरनाक बनाते हैं.
हालांकि, फिल्म की पूरी कहानी और इस रहस्यमयी जीव की पहचान को लेकर मेकर्स ने अभी कोई जानकारी साझा नहीं की है. पहली झलक ने फिल्म के प्रति सस्पेंस और रोमांच जरूर बढ़ा दिया है.
ये कलाकार भी आएंगे नजर
‘समुक’ में अक्षय कुमार के अलावा रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, बनिता संधू और रजत कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है.
फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है. ‘समुक’ 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर और कहानी से जुड़े अगले खुलासों का इंतजार है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ से हरिद्वार का सफर होगा आसान, 6.5 घंटे में पहुंचेंगे श्रद्धालु, 10,761 करोड़ से बनेगा 147 KM का एक्सप्रेसवे
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बसेंगी 3 नई टाउनशिप, दूसरे राज्यों के लोग भी खरीद सकेंगे प्लॉट और फ्लैट, 5 साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट


