Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्य के गन्ना किसानों के लिए ‘गन्ना विकास रथ-2026’ अभियान की शुरुआत की. मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद कक्ष’ के सामने आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अभियान का आयोजन बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग की ओर से किया जा रहा है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ने के उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने बताया कि फिलहाल बिहार में 10 चीनी मिलें संचालित हैं, जबकि जल्द ही 5 और चीनी मिलें शुरू होने वाली हैं.
किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ की सोच के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को फिर से शुरू करने के जरिए चीनी उद्योग को मजबूत किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
किसानों को मिलेगी उन्नत बीज और कृषि मशीनों पर सब्सिडी की जानकारी
‘गन्ना विकास रथ-2026’ के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती के तरीकों, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा. इसके साथ ही गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि मशीनों पर मिलने वाली सब्सिडी और मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत प्रमाणित गन्ना बीजों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी दी जाएगी.
इसके अलावा नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को मुफ्त गन्ना बीज उपलब्ध कराने से जुड़ी जानकारी भी साझा की जाएगी.
AI चैटबॉट और गन्ना ID से डिजिटल सेवाओं से जुड़ेंगे किसान
किसानों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके तहत किसानों को ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की गई है.
इसके अलावा कृषि कार्यशालाओं और नुक्कड़ नाटकों के जरिए किसानों को जागरूक किया जाएगा और अभियान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- श्रद्धा कपूर ने लावणी डांस से जीता दिल, फिल्म ‘ईथा’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ रिलीज, श्रेया घोषाल की आवाज ने बांधा समां
यह भी पढ़ें- ‘मेरी एक ही मां थीं…’ इंदिरा गांधी को लेकर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा


