Patna City News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना सिटी में जेपी गंगा पथ परियोजना के तहत निर्माणाधीन लिंक रोड का निरीक्षण किया. यह 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क पटना साहिब रेलवे स्टेशन को पटना घाट से सीधे जोड़ेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस लिंक रोड का निर्माण 52.54 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है. परियोजना का काम 5 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था. इसमें पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक सड़क निर्माण के साथ अशोक राजपथ पर फ्लाईओवर का निर्माण भी शामिल है.
अशोक राजपथ और मारूफगंज मंडी को मिलेगी जाम से राहत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस लिंक रोड के बनने से पटना साहिब रेलवे स्टेशन और जेपी गंगा पथ के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी. इससे अशोक राजपथ और मारूफगंज मंडी इलाके में यातायात का दबाव कम होगा. साथ ही दलहट्टा, चरखीपर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी.
उन्होंने बताया कि पटना साहिब रेलवे स्टेशन के पास रोड ओवर ब्रिज (ROB) के जरिए जेपी गंगा पथ को नए एनएच-30 से भी जोड़ा जाएगा. इससे शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी.
पटना सिटी के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर सड़क बुनियादी ढांचा और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इस लिंक रोड के तैयार होने से पटना सिटी के लोगों का आवागमन आसान होगा और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनीमेष पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- 21 नवंबर को लखनऊ आएंगे पीएम मोदी, कौशल दीक्षांत समारोह में ITI के मेधावियों को करेंगे सम्मानित
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे के लिए बिजनौर के 107 गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण, यूपीडा ने जारी किए 2100 करोड़ रुपये


